छात्रों की छात्रवृत्ति के लिए बड़ी खबर: 12 नवंबर से शुरू होगी ऑनलाइन प्रक्रिया
उत्तर प्रदेश सरकार ने कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति आवेदन की संशोधित समय-सारिणी जारी की है। 12 नवंबर से ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू होगी।
यूपी स्कॉलरशिप संशोधित समय सारिणी जारी
कक्षा 9 से 12 छात्रवृत्ति आवेदन
समाज कल्याण विभाग छात्रवृत्ति नई तारीखें
जनवरी 2027 में मिलेगा छात्रवृत्ति पैसा
उत्तर प्रदेश शासन के समाज कल्याण विभाग ने राज्य के लाखों विद्यार्थियों को एक बड़ी राहत दी है। शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत तीसरी संशोधित समय-सारिणी जारी कर दी गई है। इस आदेश के तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन आवेदन और नवीनीकरण (Renewal) की तारीखें तय कर दी गई हैं।

नए आवेदन के लिए 12 से 17 नवंबर तक का समय
निदेशक समाज कल्याण की ओर से 10 नवंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, कक्षा 9 और 11 में नए प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 12 नवंबर से शुरू होकर 17 नवंबर 2026 तक चलेगी। छात्रों को 19 नवंबर तक अपने आवेदन पत्र का फाइनल प्रिंट आउट निकालना होगा। इसके बाद 19 नवंबर से 22 नवंबर 2026 के बीच आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी सभी जरूरी कागजातों के साथ अपने स्कूल या कॉलेज में जमा करनी होगी।
पुराने छात्रों के नवीनीकरण (Renewal) की अंतिम तिथि 20 नवंबर
कक्षा 10 और 12 में पढ़ाई कर रहे ऐसे छात्र जो अपनी छात्रवृत्ति का नवीनीकरण (Renewal) कराना चाहते हैं, वे 12 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। नवीनीकरण कराने वाले विद्यार्थियों को भी 20 नवंबर 2026 तक अपने आवेदन की हार्ड कॉपी संबंधित शिक्षण संस्थान में जमा करानी होगी। समय पर दस्तावेज जमा न करने पर आवेदन निरस्त भी हो सकता है।
23 नवंबर तक स्कूलों को पूरा करना होगा सत्यापन का काम
शासन की ओर से जारी निर्देशों के मुताबिक, स्कूलों और कॉलेजों को भी विद्यार्थियों के आवेदनों का सत्यापन समय पर करना होगा। नए आवेदनों के मिलान और ऑनलाइन सत्यापन की प्रक्रिया 13 नवंबर से 23 नवंबर तक चलेगी। इसी दौरान नवीनीकरण वाले छात्रों का बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, प्राप्तांक, पूर्णांक और उपस्थिति दर्ज करने का काम पूरा किया जाएगा। इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) स्तर पर कुल छात्र संख्या और विवरण की जांच होगी।
31 जनवरी 2027 तक सीधे बैंक खाते में आएगी छात्रवृत्ति
संशोधित शेड्यूल के अनुसार, जनपद स्तरीय समिति द्वारा पात्र विद्यार्थियों का डेटा 16 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 के बीच लॉक किया जाएगा। इसके बाद 16 से 24 जनवरी 2027 तक बजट मांग तैयार की जाएगी। अंत में 25 जनवरी से 31 जनवरी 2027 के बीच सभी पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे भेज दी जाएगी। अधिकारियों ने छात्रों से अपील की है कि वे आखिरी तारीख का इंतजार किए बिना समय पर अपना फॉर्म भर लें।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







