Varanasi Zone में हुयी 2 घंटे की चेकिंग: कटे 12 हजार से ज्यादा चालान, वसूला 22.85 लाख जुर्माना, जानें किस नंबर पर रहा चंदौली
वाराणसी जोन पुलिस ने 9 जिलों में दो घंटे का विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 34,355 वाहनों की जांच कर 22.85 लाख रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
वाराणसी जोन में 34,355 वाहनों की चेकिंग
बिना हेलमेट 9,988 चालकों का कटा चालान
नियम तोड़ने पर 188 वाहन किए सीज
पूरे जोन में 22.85 लाख जुर्माना वसूला
चंदौली में 2,229 वाहनों की हुई सघन जांच
सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए वाराणसी जोन पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) नवीन अरोरा के निर्देश पर 16 नवंबर 2026 को शाम 4 बजे से 6 बजे तक जोन के सभी 9 जिलों में एक साथ विशेष वाहन चेकिंग की गई। वाराणसी जोन के एडीजी की सोशल मीडिया सेल ने इस पूरी कार्रवाई का ब्योरा साझा किया है। इस दो घंटे की सघन जांच में पुलिस ने कुल 34,355 वाहनों को चेक किया और नियम तोड़ने वालों पर जमकर कार्रवाई की।

बिना हेलमेट और तीन सवारी वालों पर गिरी गाज
अभियान के दौरान पुलिस का सबसे ज्यादा फोकस बिना हेलमेट दोपहिया चलाने वालों और बाइक पर तीन सवारी बैठाने वालों पर रहा। पूरे जोन में बिना हेलमेट गाड़ी चलाने वाले 9,988 चालकों के चालान काटे गए, जबकि तीन सवारी बैठाकर चलने वाले 2,779 लोगों पर कार्रवाई हुई। इसके अलावा यातायात के अन्य नियमों की अनदेखी करने पर 716 चालान किए गए। गंभीर रूप से नियमों का उल्लंघन करने वाले 188 वाहनों को पुलिस ने मौके पर ही सीज कर दिया और कुल 22,85,700 रुपये शमन शुल्क के रूप में वसूले गए।

जानिए कार्रवाई के मामले में किस नंबर पर रहा चंदौली
वाराणसी जोन के तीनों परिक्षेत्रों के 9 जिलों में हुई कुल 34,355 वाहनों की चेकिंग के आंकड़ों को देखें, तो वाहन जांच के मामले में चंदौली जिला छठे नंबर पर रहा है। चंदौली पुलिस ने दो घंटे के भीतर कुल 2,229 वाहनों की जांच की। इस दौरान जिले में बिना हेलमेट के 716 और तीन सवारी के 194 चालान काटे गए। इसके साथ ही अन्य नियमों के उल्लंघन में 82 चालान हुए और 10 वाहनों को सीज किया गया। हालांकि, चंदौली में मौके पर शमन शुल्क की वसूली शून्य रही।

आजमगढ़ में सबसे ज्यादा चेकिंग, मीरजापुर में वसूला सर्वाधिक जुर्माना
जोन के अन्य जिलों के आंकड़ों पर नजर डालें तो वाहन चेकिंग के मामले में आजमगढ़ 9,151 वाहनों की जांच के साथ पहले नंबर पर रहा। इसके बाद जौनपुर में 6,805, मऊ में 4,687, मीरजापुर में 3,556, गाजीपुर में 2,932 और बलिया में 2,730 वाहन चेक किए गए। वहीं भदोही में 1,317 और सोनभद्र में 948 वाहनों की जांच हुई। जुर्माना वसूलने के मामले में मीरजापुर सबसे आगे रहा, जहां 13,61,200 रुपये शमन शुल्क वसूला गया। इसके बाद भदोही में 7,36,000 रुपये और सोनभद्र में 1,22,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
नियम तोड़ने वालों के खिलाफ लगातार जारी रहेगा अभियान
परिक्षेत्र के हिसाब से देखें तो प्रथम परिक्षेत्र (चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर) में 11,966, द्वितीय परिक्षेत्र (आजमगढ़, मऊ, बलिया) में 16,568 और तृतीय परिक्षेत्र (मीरजापुर, सोनभद्र, भदोही) में 5,821 वाहनों की जांच की गई। अपर पुलिस महानिदेशक नवीन अरोरा ने साफ कर दिया है कि आम लोगों की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वाहन चालकों को जागरूक करने के साथ-साथ नियम तोड़ने वालों के खिलाफ यह चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







