व्यापार मंडल की मांग पर झुका प्रशासन, निर्माणाधीन बलुआ-सैदपुर मार्ग पर नहीं हटेगा बैरियर, बड़ी गाड़ियों की एंट्री बैन
चन्दौली में व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि के नेतृत्व में व्यापारियों ने एसपी आकाश पटेल से मुलाकात की। उन्होंने निर्माणाधीन बलुआ-सैदपुर हाईवे पर हादसों को रोकने के लिए भारी वाहनों के संचालन पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की है।
एसपी आकाश पटेल को सौंपा पत्रक
निर्माणाधीन राजमार्ग पर हादसे रोकने की मांग
बलुआ में लगा बैरियर नहीं हटेगा
कमालपुर में दिन में 'नो-एंट्री' का आश्वासन
लक्ष्मीकांत अग्रहरि के नेतृत्व में प्रदर्शन
चन्दौली जनपद में व्यापारियों के हितों और नागरिक सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने वाले 'व्यापार मंडल' ने सड़कों पर हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए मोर्चा खोल दिया है। बुधवार, 3 जून को दोपहर 12 बजे व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि के नेतृत्व में व्यापारियों के एक बड़े प्रतिनिधिमंडल ने चन्दौली के पुलिस अधीक्षक (एसपी) आकाश पटेल से मुलाकात की । इस दौरान चहनियां, मारूफपुर, सकलडीहा और कमालपुर के पदाधिकारियों ने क्षेत्र की यातायात समस्याओं को लेकर एसपी को एक मांग पत्र सौंपा।

निर्माणाधीन हाईवे पर बड़ी गाड़ियों से हो रहे हादसे
पुलिस अधीक्षक के समक्ष अपनी बात रखते हुए व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने कहा कि बलुआ-सैदपुर राजमार्ग वर्तमान में निर्माणाधीन अवस्था में है। इस अधूरे मार्ग पर भारी वाहनों और बड़ी गाड़ियों का आवागमन लगातार जारी रहने से आए दिन भीषण दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें कई मासूम लोग अपनी जान भी गंवा चुके हैं। उन्होंने जनहित को सर्वोपरि रखते हुए इस मार्ग पर काम पूरा होने तक बड़ी गाड़ियों की एंट्री को पूरी तरह प्रतिबंधित करने की मांग की।
निजी स्वार्थ के लिए बैरियर हटाने की साजिश का विरोध
अधिवक्ताओं और पदाधिकारियों ने बताया कि कुछ दिनों पहले व्यापार मंडल की मांग पर प्रशासन ने जनता की सुरक्षा के लिए यहाँ बैरियर लगाया था। लेकिन, अब कुछ रसूखदार लोग अपने निजी लाभ और लोभ के चलते उस बैरियर को हटवाकर दोबारा भारी वाहनों को गुजारना चाहते हैं। सकलडीहा तहसील अध्यक्ष व प्रधान प्रतिनिधि सतीश गुप्ता और सकलडीहा व्यापार मंडल अध्यक्ष कृष्णा सेठ ने पुरजोर शब्दों में कहा कि जब तक राजमार्ग का निर्माण कार्य शत-प्रतिशत पूरा नहीं हो जाता, तब तक बलुआ में लगा बैरियर किसी भी कीमत पर नहीं हटाया जाना चाहिए।

कमालपुर बाजार में नो-एंट्री टाइमिंग तय करने की मांग
इसी क्रम में कमालपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष शंकर गुप्ता ने एसपी का ध्यान सैय्यदराजा से अमड़ा मार्ग की ओर आकर्षित कराया। उन्होंने बताया कि कमालपुर बाजार का रास्ता काफी संकरा है, जिसके चलते पूर्व में यहाँ कई दर्दनाक हादसे हो चुके हैं। व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने मांग की कि कमालपुर बाजार में सुबह 6 बजे से लेकर रात्रि 8 बजे तक बड़ी गाड़ियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाई जाए ।
एसपी आकाश पटेल ने दिया सख्त कार्रवाई का भरोसा
व्यापारियों की सभी गंभीर समस्याओं को सुनने के बाद पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि जनहित से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि निर्माणाधीन राजमार्ग पर लगा बैरियर यथावत रहेगा और वहाँ से बड़ी गाड़ियों को नहीं निकलने दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने अमड़ा से कमालपुर बाजार मार्ग का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराकर दिन के समय भारी वाहनों के संचालन को प्रतिबंधित करने का निर्देश दिया। एसपी ने सभी व्यापारियों को सुरक्षा और पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से रवि गुप्ता, सुजीत सिंह, बब्बू सिंह, रत्नेश गुप्ता, अनिल सेठ, चंदा सेठ, रोशन अली, रोहित मौर्य, सुरेश प्रजापति, सरफराज खान, पप्पू राम, एजाज अहमद, अजीत सिंह, पंकज गुप्ता समेत भारी संख्या में स्थानीय व्यापारी मौजूद रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








