चंदौली जिले में घर में घुसकर महिला को मारी गोली, गंभीर हालत में चल रहा है इलाज
सैयदराजा थाना इलाके में महिला को लगी है गोली
घायल महिला का इलाज जारी
महिला पर हमले से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल
चंदौली जिले के सैयदराजा थाना क्षेत्र के सुंदरवन इलाके में शुक्रवार की रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने एक महिला को घर में अकेला पाकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया। विरोध करने पर अपराधियों ने महिला को गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर घर में सो रहे बच्चे और उसकी बहन जाग गए। हड़कंप मचते ही अपराधी मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही सैयदराजा थाना पुलिस और अन्य टीम मौके पर पहुंच गई। आनन-फानन में घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि पीड़ित महिला अपने छोटे बच्चे और बहन के साथ घर में रहती थी। उसका पति रोजी-रोटी के लिए बाहर कमाता है। आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों को यह जानकारी थी कि महिला घर में अकेली रहती है, इसी कारण उन्होंने रात के अंधेरे में वारदात को अंजाम दिया।
इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर IPS ने बताया कि महिला को गोली लगी है और उसका इलाज जारी है। पुलिस की कई टीमें मामले की जांच में जुटी हुई हैं। अधिकारी ने कहा कि यह स्पष्ट किया जा रहा है कि अपराधी चोरी की नीयत से घर में घुसे थे या फिर इसके पीछे कोई और वजह है।
फिलहाल घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि रात्रि में पुलिस गश्त बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। अब देखना होगा कि जांच में अपराधियों के इरादों और उनकी पहचान को लेकर पुलिस क्या खुलासा करती है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








