शौच से लौट रहे युवक की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
चन्दौली के सदर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। हिनौता गांव के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय एक 22 साल का युवक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें...
सदर कोतवाली के हिनौता की घटना
शौच से लौटते समय हुआ हादसा
पिलर संख्या 660/F-34 के पास कटी ट्रेन
कोतवाल बिंदेश्वर प्रसाद ने की पुष्टि
चन्दौली के सदर कोतवाली क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां सोमवार की सुबह रेलवे ट्रैक पार करना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। हिनौता गांव के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक 22 साल के नौजवान की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में चीख-पुकार मची हुई है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों ने फौरन हादसे की खबर मृतक के परिजनों और स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया।
शौच करके लौट रहा था आनंद, तभी आ गई काल बनकर ट्रेन
मिली जानकारी के मुताबिक, हिनौता गांव का रहने वाला 22 वर्षीय आनंद कुमार सोमवार की सुबह रोज़ की तरह शौच करने के लिए रेलवे लाइन के पार गया था। वह शौच करने के बाद वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान हिनौता गांव के पास ही रेलवे ट्रैक पिलर संख्या 660/F-34 के समीप वह अचानक सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया।
ट्रेन की चपेट में आने से आनंद का शरीर बुरी तरह कट गया और उसकी मौके पर ही सांसे थम गईं। चन्दौली के कोतवाल बिंदेश्वर प्रसाद पांडेय ने घटना की पूरी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मरने वाले युवक की पहचान आनंद कुमार के रूप में हो चुकी है। पुलिस ने कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








