मुर्गी के दाने के नीचे छिपा रखा था नशे का जखीरा, रिंग रोड पर लावारिस ट्रक 7200 शीशी कफ सिरप छोड़
चंदौली की अलीनगर पुलिस ने रिंग रोड पर एक लावारिस ट्रक से 7200 शीशी (720 लीटर) नशीली कोडीन कफ सिरप बरामद की है। मुर्गी के दाने के नीचे छिपाकर लाई जा रही इस खेप को जब्त कर पुलिस पूरे गिरोह का सुराग लगाने में जुट गई है।
अलीनगर पुलिस की रिंग रोड पर बड़ी कार्रवाई
मुर्गी दाने के नीचे छिपा कफ सिरप बरामद
7200 शीशी नशीली दवाओं का जखीरा जब्त
फिरोजाबाद के ट्रक मालिक पर शिकंजा कसने की तैयारी
मुगलसराय सीओ अरुण सिंह ने दी जानकारी
चंदौली जिले में नशीली दवाओं और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान पूरी रफ्तार से जारी है। इसी क्रम में अलीनगर थाना पुलिस को एक बहुत बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने रिंग रोड के पास कोरी अंडरपास के करीब खड़े एक संदिग्ध लावारिस ट्रक से भारी मात्रा में अवैध कोडीन कफ सिरप का जखीरा बरामद किया है।
मुर्गी के दाने की आड़ में छिपाई गई थी नशीली दवाएं
थाना प्रभारी गगनराज सिंह के नेतृत्व में जब पुलिस टीम को मुखबिर से सटीक सूचना मिली, तो टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर ट्रक (नंबर UP74Y4726) को अपने कब्जे में लिया। पुलिस जब ट्रक के डाले की जांच करने पहुंची, तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गई। तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए 20 बोरी मुर्गी के दाने के नीचे 36 बोरी नशीली दवाएं छिपा रखी थीं।
7200 शीशी कफ सिरप और जीपीएस डिवाइस बरामद
जब पुलिस ने सभी बोरियों को खोला तो उसमें से 36-36 पेटी फेयरडिल न्यू और एस्कफ कफ सिरप बरामद हुई। कुल मिलाकर 72 पेटियों में 7200 शीशी यानी करीब 720 लीटर अवैध कोडीन युक्त कफ सिरप पाई गई। इसके साथ ही पुलिस को ट्रक के केबिन से एक जीपीएस डिवाइस और सिम कार्ड भी मिला है। पुलिस चेकिंग के डर से तस्कर ट्रक को मौके पर ही छोड़कर भाग निकले।

ड्रग इंस्पेक्टर ने ली सैंपलिंग, मुकदमा दर्ज
घटना की जानकारी मिलते ही ड्रग इंस्पेक्टर चंद्रेश कुमार द्विवेदी भी मौके पर पहुंचे और नियमानुसार दवाओं की जांच की। दवा के नमूनों को आगे की जांच के लिए जन विश्लेषक प्रयोगशाला लखनऊ भेज दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में अलीनगर थाने पर एनडीपीएस एक्ट और औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

फिरोजाबाद का है ट्रक मालिक, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
मुगलसराय के सीओ अरुण सिंह ने बताया कि जांच के दौरान ट्रक फिरोजाबाद निवासी राहुल कुमार के नाम पर पंजीकृत पाया गया है। पुलिस अब वाहन स्वामी और इस तस्करी से जुड़े आगे-पीछे के पूरे नेटवर्क (फॉरवर्ड व बैकवर्ड लिंकेज) को खंगालने में जुटी है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस पूरे गिरोह के तस्करों को चिन्हित कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








