पशु तस्करी और शराब तस्करी में पकड़ी गयी 134 गाड़ियों की नीलामी, मिला 3 करोड़ का राजस्व
चंदौली पुलिस का ऑपरेशन क्लीन
गोतस्करी और अवैध शराब में जब्त 134 वाहनों की नीलामी
3 करोड़ का पुलिस को मिला राजस्व
चंदौली जिले की पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ अपनी सख्त कार्रवाई को जारी रखते हुए एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में, जिले में गोवंश तस्करी और अवैध शराब तस्करी (आबकारी अधिनियम) में जब्त किए गए कुल 134 वाहनों की सार्वजनिक नीलामी की गई है। इस पूरी प्रक्रिया से पुलिस ने अब तक लगभग ₹3 करोड़ का विशाल राजस्व अर्जित किया है।

नवीनतम नीलामी की कार्रवाई दिनांक 29 और 30 सितंबर 2025 को राजस्व और पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुई। इन दो दिनों में थाना अलीनगर, शहाबगंज, कन्दवा, कोतवाली चन्दौली और बलुआ में 92 वाहनों की सार्वजनिक नीलामी की गई। इनमें गोवंश तस्करी में प्रयुक्त 23 वाहन और आबकारी अधिनियम में प्रयुक्त 7 वाहन शामिल थे, जबकि 62 वाहन अन्य अलग-अलग प्रकरणों से संबंधित थे। इन दो दिनों की नीलामी से ही पुलिस विभाग को ₹67,32,590 (सड़सठ लाख बत्तीस हजार पांच सौ नब्बे रुपये) के राजस्व की प्राप्ति हुई, जो यह दर्शाता है कि आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के साथ-साथ पुलिस प्रशासन सरकारी खजाने को भी मजबूत कर रहा है।
पारदर्शी प्रक्रिया से हुई नीलामी, थानेवार राजस्व का ब्यौरा
नीलामी की पूरी प्रक्रिया संबंधित राजस्व और पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराई गई। निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुसार, सबसे अधिक बोली लगाने वाले व्यक्ति को जब्त वाहन प्रदान किए गए। पुलिस द्वारा जारी किए गए आँकड़ों के अनुसार, 29 और 30 सितंबर को विभिन्न थानों पर हुई नीलामी का ब्यौरा इस प्रकार रहा:---
यहां डाटा वाला ग्राफिक..... डालना है....
साल 2025 में अब तक ₹3 करोड़ से अधिक का राजस्व
चन्दौली पुलिस ने वर्ष 2025 की शुरुआत से लेकर अब तक अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। दिनांक 01 जनवरी 2025 से अब तक गोवंश तस्करी में प्रयुक्त कुल 112 वाहनों की नीलामी की गई है, जिससे कुल ₹2,73,88,940 (दो करोड़ तिहत्तर लाख अठासी हजार नौ सौ चालीस रुपये) का बड़ा राजस्व प्राप्त हुआ है।

इसी अवधि में, आबकारी अधिनियम के तहत अवैध शराब तस्करी में बरामद कुल 22 वाहनों की भी नीलामी की गई है, जिससे ₹24,76,730 (चौबीस लाख छिहत्तर हजार सात सौ तीस रुपये) प्राप्त हुए हैं। इस प्रकार, इन दोनों मदों को मिलाकर पुलिस ने अब तक कुल ₹2,98,65,670 का राजस्व अर्जित किया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि गोवंशों की तस्करी में प्रयुक्त किसी भी प्रकार के वाहन पर सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी और ऐसे वाहनों की नीलामी की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी, ताकि जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों को जड़ से खत्म किया जा सके।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








