चोरी की घटनाओं का चकिया पुलिस ने किया सफल अनावरण, तीन चोर गिरफ्तारी
चकिया पुलिस ने चोरी का किया सफल अनावरण
डोडापुर तिराहे से तीनों चोर गिरफ्तार
चोरी का सामान बरामद
दो अलग-अलग मकानों से चोरी की वारदात का खुलासा
चंदौली जिले के पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक दिगम्बर कुशवाहा के आदेशानुसार चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत चकिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों से हुई चोरी की घटनाओं का अनावरण करते हुए पुलिस ने तीन शातिर चोरों को चोरी किए गए सामान सहित गिरफ्तार कर लिया।
आपको बता दें कि गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में नदीम उर्फ जुम्मन निवासी पुरानी चकिया, अजय राजभर निवासी कस्बा चकिया तथा कमलेश धरकार निवासी कस्बा चकिया शामिल हैं। पुलिस ने इन्हें लदबेदिया पहाड़ी के पास डोडापुर तिराहे से उस समय पकड़ा, जब यह लोग चोरी का सामान अहरौरा ले जाकर बेचने की फिराक में थे।

पूछताछ में बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 26 अगस्त की रात को काली माता मंदिर पोखरा के पास बने मकान से दो लोहे के चौखट चोरी किए थे। इसके बाद पास में ही बन रहे दूसरे मकान का ताला तोड़कर प्लास्टिक पाइप, एल्बो, हाफ बैंड और गिल्ट मशीन चोरी की थी। चोरी किया गया सामान पहले कब्रिस्तान मदरा के पास छिपाकर रखा गया था, जिसे बाद में आरोपी झाड़ियों में ले जाकर अहरौरा ले जाने की तैयारी कर रहे थे।
बरामद सामान
पुलिस टीम ने इनके कब्जे से 06 अदद प्लास्टिक की पाइप (सुप्रीम लाइफ लाइन ब्रांड), 11 अदद एल्बो, 01 गिल्ट मशीन (BOSS कम्पनी), 02 लोहे के चौखट बरामद किए।
अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास
तीनों गिरफ्तार अभियुक्त पहले भी चोरी व अन्य आपराधिक वारदातों में संलिप्त रहे हैं।
- नदीम उर्फ जुम्मन के खिलाफ चोरी और बीएनएस धाराओं में कई मामले दर्ज हैं।
- अजय राजभर पर भी चोरी के प्रकरण दर्ज हैं।
- कमलेश धरकार के खिलाफ चोरी और आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तारी टीम
इस पूरी कार्रवाई में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सुनील कुमार, प्रेमचंद यादव, हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश यादव, पीआरडी जवान छविनाथ और आत्मा प्रसाद शामिल रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








