जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

बिहार के शराब तस्करों पर फिर कार्रवाई, 4 शराब तस्कर अरेस्ट

छापेमारी के दौरान, पुलिस ने चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान शुभम कुमार (26), राजेश कुमार (29), श्याम सुन्दर (32), और रवि कुमार (20) के रूप में हुई है।
 

अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

अलीनगर पुलिस ने पकड़ी 21 लीटर अवैध शराब

बिहार के रहने वाले 4 तस्करों को दबोचा

चंदौली पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए, अलीनगर पुलिस टीम और आरपीएफ के साथ मिलकर 21.48 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। इस कार्रवाई में चार शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जो पड़ोसी राज्य बिहार में ऊंचे दामों पर शराब बेचते थे।

पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक (IPS) अनंत चंद्रशेखर और क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। अलीनगर थाना के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में 1 सितंबर 2025 को आरपीएफ से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने लोको कॉलोनी के पास छापा मारा।

बिहार के रहने वाले हैं आरोपी
छापेमारी के दौरान, पुलिस ने चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान शुभम कुमार (26), राजेश कुमार (29), श्याम सुन्दर (32), और रवि कुमार (20) के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी बिहार के औरंगाबाद और नालंदा जिलों के निवासी हैं।

पुलिस ने उनके पास से 42 रायल स्टैग (375 एमएल), 5 इंपीरियल ब्लू (750 एमएल), और 11 ऑफिसर्स चॉइस टेट्रा पैक (180 एमएल) बरामद किए। जब्त की गई शराब की कुल मात्रा 21.48 लीटर है, जिसकी कीमत करीब 30,000 रुपये बताई जा रही है।

पूछताछ के दौरान, गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने बताया कि वे आस-पास के शराब ठेकों से शराब खरीदकर बिहार ले जाते थे, जहाँ इसे अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाते थे।

अलीनगर पुलिस ने गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस सफल कार्रवाई में अलीनगर पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम शामिल थी।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*