RPF और अलीनगर पुलिस की एक और सफलता, 91 लीटर शराब के साथ 8 तस्कर अरेस्ट
अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई
91 लीटर शराब लेकर जा रहे थे बिहार
बिहार के रहने वाले 8 शराब तस्कर फिर से गिरफ्तार
चंदौली जनपद में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार को एक बड़ी सफलता हाथ लगी। अलीनगर थाना पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने 91.44 लीटर अवैध शराब बरामद करते हुए 7 पुरुष अभियुक्तों और 1 महिला अभियुक्ता को मौके से गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई लोको कॉलोनी जीटीआर ब्रिज के पास चेकिंग के दौरान दोपहर लगभग 1:30 बजे की गई।

पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर चल रहे अभियान के क्रम में यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर एवं क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर कृष्ण मुरारी शर्मा के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्र के नेतृत्व में की गई।
आरपीएफ द्वारा प्राप्त सूचना के आधार पर की गई चेकिंग में कुल 238 बोतल आफिसर च्वाइस अंग्रेजी शराब (180 एमएल प्रति बोतल), 137 बोतल ब्लू लाइम देशी शराब (200 एमएल प्रति बोतल), 70 बोतल बिंडसर देशी शराब (200 एमएल), और 40 बोतल 8PM अंग्रेजी शराब (180 एमएल) बरामद की गई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 60,000 रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि वे यह शराब आस-पास के ठेकों से खरीदकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचते थे, जिससे उन्हें अच्छा मुनाफा होता है। गिरफ्तारी के बाद थाना अलीनगर में मुकदमा अपराध संख्या 322/25 धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में बिहार के विभिन्न जिलों के निवासी शामिल हैं—मधुबनी, पटना, नालंदा, गया, रोहतास और भोजपुर। इनमें एक महिला हिरंगा देवी भी शामिल है।
पुलिस टीम में निरीक्षक विनोद मिश्र, उपनिरीक्षक बृजेश सिंह, कांस्टेबल धीरेन्द्र यादव व रिंकू सिंह शामिल रहे, जबकि आरपीएफ टीम में उपनिरीक्षक अरविंद सिंह, आरक्षी प्रकाश शुक्ला, रशीदा बानो, छोटेलाल यादव और प्रिंस कुमार मौजूद थे। इस कार्रवाई से शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस की सख्ती और सतर्कता का प्रमाण मिला है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








