वाह रे पुलिस..अपने से लगी थी खेत में आग, खुद से जलकर मर गया नशेड़ी बुग्गल बिंद
चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में मिले एक युवक के अधजले शव के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस का दावा है कि शराब के नशे में खेत की आग में जलने से युवक की मौत हुई थी।
अलीनगर पुलिस ने सुलझाई मौत की गुत्थी
शव मिलने से इलाके में मचा था हड़कंप
शराब के नशे में हुआ था हादसा
पिता और चाचा के बयान से हुआ खुलासा
हत्या या अपराध की पुष्टि नहीं हुई
चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम एकौनी में 23 अप्रैल 2026 को मिले एक अज्ञात युवक के अधजले शव की गुत्थी को पुलिस ने पूरी तरह से सुलझा लिया है। पुलिस की गहन जांच में इस प्रकरण के पीछे किसी भी प्रकार के अपराध या हत्या की पुष्टि नहीं हुई है। शव की शिनाख्त बिहार के औरंगाबाद जिले के बन्देया थाना क्षेत्र के ग्राम झिकटिया निवासी बुग्गल बिंद (उम्र लगभग 30 वर्ष) के रूप में हुई थी। मृतक अपने पिता के साथ सड़क निर्माण करने वाले एक ठेकेदार के अधीन काम करता था।
परिजनों के बयान से हुआ बड़ा खुलासा
जांच के दौरान पुलिस को शव मिलने के स्थान के पास ही एक खेत में जलने के निशान और मृतक के कपड़ों के कुछ टुकड़े मिले थे। शुरुआत में मृतक के पिता ने घटना के बारे में किसी भी तरह की जानकारी होने से इनकार कर दिया था। हालांकि, जब अलीनगर पुलिस ने पिता और चाचा से दोबारा गहनता से पूछताछ की, तो उन्होंने सच्चाई बयां कर दी। परिजनों ने बताया कि 22 अप्रैल 2026 की रात बुग्गल बिंद और उसके पिता ने अत्यधिक शराब का सेवन किया था। शराब के नशे में धुत होकर बुग्गल बिंद पास के ही एक खेत में लेट गया था।
नशे की हालत में हुआ दर्दनाक हादसा
पिता और चाचा ने बताया कि वे दोनों एक दुकान से सामान लेकर वापस अपने ठिकाने पर चले गए थे। सुबह जब बुग्गल बिंद वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उन्हें खेत से थोड़ी दूरी पर ही बुग्गल का शव मिला। घबराहट में परिजन शव को ले जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन तभी गांव के लोगों की हलचल शुरू हो गई। इस पर वे डरकर शव को वहीं छोड़कर भाग गए।
अलीनगर पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि रात में खेत में अचानक आग लग गई थी। अत्यधिक शराब के नशे में होने के कारण युवक आग की चपेट में आ गया। उसने भागने की कोशिश तो की, लेकिन वह ज्यादा दूर नहीं जा सका और जलने की वजह से उसकी दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों ने भी इस मामले में किसी भी प्रकार की हत्या या आपराधिक साजिश की आशंका से इनकार किया है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








