जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

जिस कंपनी में करते थे नौकरी वहीं से चुराए 22 ऑक्सीजन सिलेंडर, पुलिस ने 19 किए बरामद

चंदौली की अलीनगर पुलिस ने अन्नपूर्णा इंडस्ट्रियल गैसेज कंपनी से 22 ऑक्सीजन सिलेंडर चुराने वाले चालक और लोडर को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 19 सिलेंडर बरामद किए हैं।

 
 

24 घंटे के भीतर चोरी का सफल अनावरण

कंपनी के ड्राइवर और लोडर ही निकले चोर

चोरी के 19 ऑक्सीजन सिलेंडर बरामद

गुरुकुलम स्कूल के पास कमरे से गिरफ्तारी

बिहार में कबाड़ी को बेचे गए थे सिलेंडर

चंदौली जिले के थाना अलीनगर पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए चोरी की एक बड़ी घटना का महज 24 घंटे के भीतर सफल पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चोरी के 19 ऑक्सीजन सिलेंडरों के साथ दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। यह सफलता अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह के कुशल नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को मिली है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से कंपनी प्रबंधन ने राहत की सांस ली है।

कंपनी के ड्राइवर और लोडर ने मिलकर रची थी साजिश
1 अगस्त 2026 को थाना अलीनगर पर प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ था कि जीवधीपुर (रामनगर औद्योगिक क्षेत्र फेस-1) स्थित 'अन्नपूर्णा इंडस्ट्रियल गैसेज' से 22 ऑक्सीजन सिलेंडर गायब हैं। कंपनी प्रबंधन ने जब अपने स्तर पर जांच और पूछताछ की तो चौंकाने वाली बात सामने आई। कंपनी में चालक के पद पर कार्यरत गुलाब पासवान (32 वर्ष) निवासी मिर्जापुर और लोडर सुरेंद्र पटेल (28 वर्ष) निवासी अलीनगर (चंदौली) की मिलीभगत पाई गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर बीएनएस की धारा 305(ई) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

गुरुकुलम स्कूल के पास से चोरी के सिलेंडरों के साथ पकड़ाए
मुकदम दर्ज होने के बाद अलीनगर पुलिस टीम ने जांच तेज कर दी। 2 अगस्त 2026 को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने गुरुकुलम स्कूल के पास से दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए अभियुक्तों की निशानदेही पर पास के ही एक कमरे में छिपाकर रखे गए चोरी के 19 खाली ऑक्सीजन सिलेंडर बरामद किए गए। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मामले में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है।

बिहार में कबाड़ी को बेचते थे चुराए हुए सिलेंडर
कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों अभियुक्तों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उन्होंने बताया कि वे दोनों कंपनी से धीरे-धीरे करके अब तक कुल 22 ऑक्सीजन सिलेंडर चुरा चुके थे। इनमें से 3 सिलेंडर वे पहले ही बिहार ले जाकर एक कबाड़ी को बेच चुके थे, जबकि बाकी 19 सिलेंडर कमरे में छिपाकर रखे थे। इन्हें भी बिहार ले जाकर बेचने की तैयारी थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। दोनों आरोपी मिलने वाले पैसों को आपस में आधा-आधा बांट लेते थे।

इस त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में अलीनगर प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह, भूपौली चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सतीश कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल प्रद्युमन द्विवेदी, हेड कांस्टेबल रामराज और रिक्रूट कांस्टेबल वजाहत अली सिद्दीकी शामिल रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*