अलीनगर पुलिस का बिहार में बड़ा एक्शन; 25 हजार का इनामी गो-तस्कर रोहतास से गिरफ्तार
चंदौली की अलीनगर पुलिस ने बिहार में छापेमारी कर गोवध अधिनियम में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी तस्कर विजय कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी 2024 से पुलिस को चकमा दे रहा था।
25 हजार का इनामी तस्कर गिरफ्तार
बिहार के रोहतास से हुई गिरफ्तारी
साल 2024 की गो-तस्करी में था वांछित
सिंधीताली पुल के पास बरामद हुए थे गोवंश
अलीनगर थाना प्रभारी घनश्याम शुक्ला की बड़ी कामयाबी
चंदौली जिले की अलीनगर थाना पुलिस को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने गोवध निवारण अधिनियम के मुकदमे में काफी समय से फरार चल रहे 25,000 रुपये के इनामी तस्कर विजय कुमार गुप्ता को बिहार राज्य से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी शातिर तरीके से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर छिपा हुआ था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी करके धर दबोचा।
2024 की घटना से जुड़ा है मामला
यह पूरा मामला 28 अगस्त 2024 का है, जब अलीनगर पुलिस की टीम सिंधीताली पुल के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। उसी समय पुलिस को देखकर एक पिकअप गाड़ी का ड्राइवर वाहन को कुछ दूरी पर ही खड़ा करके मौके से भाग निकला था। जब पुलिस टीम ने उस लावारिस पिकअप की तलाशी ली, तो उसमें क्रूरतापूर्वक लादे गए 6 राशि गोवंश बरामद हुए थे। इसके बाद पुलिस ने अलीनगर थाने में गोवध और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
कपड़ा दुकान के पास से हुई गिरफ्तारी
तभी से इस मामले का मुख्य आरोपी विजय कुमार गुप्ता (निवासी सरपनी, थाना चैनपुर, जिला कैमूर, भभुआ, बिहार) लगातार फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस ने 25 हजार का इनाम रखा था। शुक्रवार, 3 जुलाई 2026 को अलीनगर के प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शुक्ला के नेतृत्व में आलूमील चौकी प्रभारी अनिल कुमार सिंह और भूपौली चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह की टीम ने मुखबिर की सूचना पर बिहार के रोहतास जिले में छापा मारा। पुलिस ने वहां 'श्री राम वस्त्रालय' के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कानूनी कार्रवाई में जुटी पुलिस
पकड़े गए शातिर अपराधी के खिलाफ पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे जेल भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। अलीनगर पुलिस की इस बड़ी और त्वरित कार्रवाई से गो-तस्करों के नेटवर्क में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का साफ कहना है कि पशु तस्करी और गोवंश के खिलाफ अपराध करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह किसी भी राज्य में क्यों न छिपा हो।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








