रिंग रोड पर पुलिस और पशु तस्करों की मुठभेड़: वाराणसी व बिहार के 2 शातिर दबोचे गए
अलीनगर पुलिस ने पकड़े दो तस्कर
रिंग रोड पर पुलिस पर पिकअप चढ़ाने का प्रयास
वाराणसी से बिहार होकर बंगाल जा रहे थे गोवंश
शक से बचने के लिए लादते थे छोटी बछिया
अलीनगर पुलिस टीम की बड़ी सफलता
चंदौली जिले की अलीनगर थाना पुलिस ने देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गोवंश की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पचफेड़वा रिंग रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक पिकअप वाहन से क्रूरतापूर्वक बांधकर ले जाए जा रहे दो गोवंश बरामद किए। इस दौरान तस्करों ने पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाकर भागने की कोशिश भी की, लेकिन मुस्तैद पुलिस ने घेराबंदी करके दो आरोपियों को मौके से ही धर दबोचा।
रात के अंधेरे में पुलिस टीम पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश
प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस टीम मुखबिर की सूचना पर 12 सितंबर 2026 की रात करीब 12:30 बजे (00.30 बजे) पचफेड़वा रिंग रोड के पास सर्विस लेन पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी वाराणसी की तरफ से आ रहे एक मैजिक पिकअप वाहन (UP65LT5475) को रुकने का इशारा किया गया। चालकों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर ही वाहन चढ़ाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
वाराणसी और बिहार के रहने वाले हैं पकड़े गए तस्कर
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें क्रूरतापूर्वक बांधकर लादे गए 2 गोवंश बरामद हुए। पकड़े गए तस्करों ने अपना नाम आयुष महतो (19 वर्ष) निवासी छोटा लालपुर थाना पांडेपुर (वाराणसी) और सिपुल सिंह (36 वर्ष) निवासी ग्राम जिगनी थाना दुर्गावती जिला कैमूर (बिहार) बताया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे इन गोवंशों को वध हेतु वाराणसी से चंदौली और बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल ले जा रहे थे।
शक से बचने के लिए अपनाते थे ये अनोखा तरीका
तस्करों ने पूछताछ में एक चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि जब भी वे वाहन में गाय या अन्य पशु लादते हैं, तो साथ में एक छोटी बछिया जरूर रख लेते हैं, ताकि रास्ते में किसी को उन पर शक न हो। इस काम से मिलने वाले पैसों को वे वाहन स्वामी के साथ आपस में बांट लेते थे।
विभिन्न संगीन धाराओं में मामला दर्ज
मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह, लौंदा चौकी प्रभारी आशुतोष कुमार गुप्ता और मुख्य आरक्षी विकास कन्नौजिया शामिल रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







