जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

अलीनगर पुलिस और RPF की जुगलबंदी: गांजे के साथ सकलडीहा का शातिर तस्कर गिरफ्तार

चंदौली के अलीनगर में पुलिस और आरपीएफ ने मिलकर एक गांजा तस्कर को रंगे हाथों दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी बिहार से गांजा लाकर स्थानीय इलाकों में छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचता था। उसके पास से 7.424 किलो गांजा बरामद हुआ है।

 
 

अलीनगर पुलिस और RPF की संयुक्त टीम का एक्शन

DFCCIL लाइन के पास से पकड़ा गया गांजा तस्कर

आरोपी के कब्जे से 7.424 किलोग्राम गांजा जब्त

बिहार से गांजा लाकर इलाके में बेचने का खुलासा

चंदौली जिले के अलीनगर थाना पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम लगातार तस्करों की कमर तोड़ने में जुटी हुई है। प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में 27 जुलाई 2026 को अलीनगर पुलिस को आरपीएफ से अहम इनपुट मिला था। इस सूचना के आधार पर पुलिस और आरपीएफ की टीम ने DFCCIL रेलवे लाइन के पास घेराबंदी की। यहाँ एक संदिग्ध युवक हैंड बैग और पिट्ठू बैग लेकर जाता दिखा, जिसे टीम ने रोक लिया।

बैग की तलाशी में मिला 7.424 किलो गांजा

जब पुलिस और आरपीएफ की टीम ने युवक के पिट्ठू और हैंड बैग की बारीकी से तलाशी ली, तो उसमें से कुल 7.424 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए आरोपी की पहचान 28 वर्षीय उत्सव सिंह पुत्र रवीन्द्र प्रताप सिंह के रूप में हुई है, जो चंदौली जिले के सकलडीहा थाना क्षेत्र के ग्राम खड़ेहरा का निवासी है। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

बिहार से लाकर बनाता था छोटी-छोटी पुड़िया

पुलिस की पूछताछ में आरोपी उत्सव सिंह ने तस्करी के पूरे खेल का खुलासा किया। उसने बताया कि वह बिहार से सस्ता गांजा खरीदकर लाता था। इसके बाद स्थानीय स्तर पर गांजे के छोटे-छोटे पैकेट (पुड़िया) बनाकर ऊंचे दामों में बेचता था। इस अवैध धंधे से उसे बहुत कम समय में अच्छा-खासा मुनाफा मिल जाता था, जिससे वह अपने खर्चे पूरे करता था।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

अवैध गांजे की बरामदगी के आधार पर अलीनगर थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 469/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

कार्रवाई करने वाली संयुक्त पुलिस व RPF टीम

इस सफल कार्रवाई में अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह, ताराजीवनपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक पंकज सिंह और भूपौली चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अमित सिंह शामिल रहे। वहीं RPF टीम की ओर से CIB/DDU के सब-इंस्पेक्टर संतोष कुमार, मानसनगर RPF पोस्ट के सब-इंस्पेक्टर जावेद् इकबाल, CIB/DDU के ASI सतीश कुमार सिंह और हेड कांस्टेबल विनोद कुमार यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*