जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

वाराणसी से बिहार जा रही 1362 लीटर शराब अलीनगर में सीज, ट्रक में छुपाकर जा रही थी 8 लाख की शराब

चंदौली की अलीनगर पुलिस ने पचफेड़वा बाजार के पास घेराबंदी कर एक ट्रक से 145 पेटी अवैध देशी व अंग्रेजी शराब बरामद की है। ₹8 लाख की इस शराब को तस्करी कर बिहार ले जाया जा रहा था।

 

अलीनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

₹8 लाख की शराब बरामद

ट्रक से तस्करी का भंडाफोड़

बिहार ले जाई जा रही खेप

एक तस्कर मौके से गिरफ्तार

चंदौली जनपद में अपराध एवं अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत अलीनगर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्रभारी थानाध्यक्ष रमेश कुमार यादव के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम ने पचफेड़वा बाजार स्थित रिंग रोड ओवरब्रिज के पास से एक ट्रक को रोककर तलाशी ली। इस दौरान ट्रक से कुल 145 पेटी में रखी 1362 लीटर अवैध देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹8 लाख आंकी गई है। पुलिस ने मौके से एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि ट्रक चालक अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।

Image

बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने की थी योजना
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अंतू दीक्षित (उम्र 21 वर्ष, पुत्र रामबदन दीक्षित, निवासी जनपद कैमूर, बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह ट्रक चालक के साथ मिलकर वाराणसी से शराब लाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचता था, क्योंकि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है। बरामद शराब की पेटियों पर "For Sale in Uttar Pradesh Only" अंकित था। पुलिस ने अभियुक्त के पास से ₹1400 नगद भी बरामद किए हैं। फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

बरामदगी के बाद की कानूनी कार्रवाई
पुलिस टीम द्वारा ट्रक (संख्या UP65 HT 4242) की सघन तलाशी लेने पर प्लास्टिक से ढके डाले के अंदर छुपाई गई 20 पेटी '8 PM' अंग्रेजी शराब (900 टेट्रा पैक, प्रत्येक 180 ML) और 125 पेटी 'ब्लूलाइम' देशी शराब (6000 टेट्रा पैक, प्रत्येक 200 ML) बरामद हुई। इस मामले में अलीनगर थाने पर मु0अ0सं0 273/2026 धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।

इस महत्वपूर्ण सफलता को हासिल करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी थानाध्यक्ष रमेश कुमार यादव, उपनिरीक्षक आशुतोष कुमार गुप्ता (चौकी प्रभारी लौंदा), उपनिरीक्षक धुरंधर प्रसाद, कांस्टेबल आशीष कुमार यादव, रिक्रूट कांस्टेबल अंकित सिंह और रिक्रूट कांस्टेबल राज मोहम्मद शामिल रहे।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*