रिंग रोड बंद होने से फंसा शराब तस्कर, बिहार जा रही 4 लाख की अवैध शराब से लदा ट्रक पकड़ा, चालक गिरफ्तार
चंदौली की अलीनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक ट्रक से बिहार ले जाई जा रही 1035 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की है। पकड़ी गई शराब की कीमत करीब 4 लाख रुपये है और पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
1035 लीटर अवैध शराब बरामद
ट्रक सहित एक तस्कर गिरफ्तार
बरामद शराब की कीमत 4 लाख
बिहार भेजी जा रही थी खेप
अलीनगर पुलिस को मिली सफलता
चंदौली जनपद में सीमा पार होने वाली अवैध शराब की तस्करी को रोकने के लिए पुलिस अधीक्षक के कड़े निर्देशों पर अलीनगर पुलिस को एक बहुत बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। अलीनगर थाना प्रभारी गगनराज सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी की। पुलिस ने सरेसर गांव के पास भारत पेट्रोलियम मेन गेट से लगभग 500 मीटर पहले तेज रफ्तार में आ रहे एक संदिग्ध ट्रक (नंबर UP65BT3990) को रोककर जब उसकी तलाशी ली, तो उसमें अवैध शराब का जखीरा बरामद हुआ।
बोलेरो की तरह ठूंस कर भरी थी 115 पेटी शराब
पुलिस टीम ने जब ट्रक के पिछले हिस्से (डाला) की जांच की, तो वहां कुल 23 बोरियां रखी हुई मिलीं। जब पुलिस ने इन बोरियों को खोला तो सबके होश उड़ गए। प्रत्येक बोरी में 5-5 पेटियां रखी हुई थीं, यानी कुल 115 पेटी अवैध देशी शराब बरामद की गई। हर पेटी के भीतर 'ब्लू लाइम' देशी शराब के 45 टेट्रा पैक मौजूद थे। 200 एमएल के इन कुल 5,175 टेट्रा पैक की कुल मात्रा 1035 लीटर आंकी गई है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है।
रिंग रोड पर बोल्डर होने के कारण बदला था रास्ता
पकड़े गए ट्रक चालक की पहचान राकेश कुमार (उम्र 28 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बिहार के रोहतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र के सोनहर गांव का रहने वाला है। पूछताछ में राकेश ने पुलिस को बताया कि वाहन मालिक वाराणसी से ट्रक में शराब लोड करवाकर उसे देता था। वह इस खेप को बिहार ले जाकर तय पते पर छोड़ देता था, जिसके बदले उसे अच्छा मुनाफा मिलता था। उसने यह भी खुलासा किया कि अमूमन वह रिंग रोड से जाता था, लेकिन पचपेड़वा के पास बोल्डर लगे होने के कारण उसने रास्ता बदला और अलीनगर की तरफ आ गया, जहाँ वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
अलीनगर थाने में मुकदमा दर्ज, कार्रवाई जारी
इस बड़ी बरामदगी के बाद अलीनगर पुलिस ने आरोपी राकेश कुमार के खिलाफ मु0अ0सं0 445/2026 और आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसे जेल भेजने की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, ताराजीवनपुर चौकी प्रभारी पंकज कुमार सिंह, उपनिरीक्षक धुरेन्द्र प्रसाद, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार मौर्या, कांस्टेबल राहुल सिंह और रिक्रूट कांस्टेबल विपिन कुमार गुप्ता शामिल रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








