गौ तस्करी का पर्दाफाश: सैयदराजा पुलिस ने पिकअप वाहन से चार गोवंश किए बरामद
एनएच-02 हाइवे पर चेकिंग के दौरान पकड़ा गया पिकअप वाहन
गाड़ी से बरामद हुए 4 गोवंश
चालक मौके से फरार
चंदौली जिले के सैयदराजा पुलिस को गौ तस्करी के विरुद्ध एक सफलता हाथ लगी है। दिनांक 15 मई 2025 को शाम लगभग 6:24 बजे पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से वध के लिए ले जाए जा रहे चार गोवंशों को बरामद किया। यह कार्रवाई एनएच-02 हाइवे स्थित ग्राम बगही कुम्भापुर के पास सर्विस लेन पर की गई।
आपको बता दें कि पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे के निर्देशानुसार जनपद में गौ तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर (आईपीएस) और क्षेत्राधिकारी सदर राजेश राय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विनेश्वर प्रसाद पांडेय के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
मुखबिर से मिली सूचना के बाद उपनिरीक्षक ओमप्रकाश यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां एक संदिग्ध पिकअप वाहन (संख्या UP70LT9799) खड़ा पाया गया। तलाशी लेने पर वाहन के अंदर से चार गोवंश (गाय) बरामद किए गए। हालांकि, वाहन चालक पुलिस की भनक लगते ही मौके से फरार हो गया।
इस बरामदगी के आधार पर थाना सैयदराजा में मु.अ.सं. 117/25 के तहत गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5A/5B/8 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। फरार अभियुक्त की तलाश जारी है।
इस पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विनेश्वर प्रसाद पांडेय, उपनिरीक्षक ओमप्रकाश यादव, हेड कांस्टेबल शिवशंकर बिंद और हेड कांस्टेबल रूपनारायण सिंह शामिल रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






