जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

जिम संचालक अरविंद यादव हत्याकांड के आरोपी ने गवाह भाई पर चलवाई गोली, मुकदमा वापस लेने का दबाव

चंदौली के डिहवां गांव में जिम संचालक अरविंद यादव हत्याकांड के गवाहों को डराने का मामला सामने आया है। जेल में बंद आरोपी के भाई और साथियों ने अरविंद के भाई राजू पर जानलेवा हमला कर मुकदमा वापस लेने की धमकी दी है।

 
 

जिम संचालक हत्याकांड के गवाह पर हमला

मुकदमा वापस लेने के लिए दी जान से मारने की धमकी

मुख्य आरोपी कल्लू यादव के भाई पर गोली चलाने का आरोप

मुगलसराय कोतवाली में तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

सिकटिया फाटक के पास सोमवार रात हुई वारदात

चंदौली जिले की मुगलसराय कोतवाली अंतर्गत डिहवां (धरना) गांव के चर्चित जिम संचालक अरविंद यादव हत्याकांड में एक नया और खौफनाक मोड़ आया है। सोमवार की रात इस हत्याकांड के मुख्य गवाह और अरविंद के भाई राजू यादव पर जानलेवा हमला किया गया। पीड़ित का आरोप है कि जेल में बंद मुख्य आरोपी श्याम सिंह यादव उर्फ कल्लू के इशारे पर उसके परिजनों ने गोलीबारी की है, ताकि हत्याकांड का मुकदमा वापस लिया जा सके।

सिकटिया फाटक पर घेराबंदी और फायरिंग
राजू यादव द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, सोमवार की रात करीब 9:00 बजे वह सिकटिया फाटक के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान मुख्य आरोपी कल्लू यादव का भाई रामलखन यादव, जेल में बंद एक अन्य आरोपी ओमप्रकाश यादव का भतीजा लादेन यादव और अमन यादव ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए राजू पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया और कहा कि यदि बात नहीं मानी तो उसका अंजाम भी उसके भाई जैसा ही होगा। विवाद बढ़ने पर रामलखन ने तमंचा निकालकर राजू पर फायरिंग कर दी, जिसमें वह बाल-बाल बच गए।

पुरानी रंजिश और पुलिसिया कार्रवाई
बता दें कि 21 जुलाई 2025 की रात को बदमाशों ने जिम संचालक अरविंद यादव की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने कल्लू यादव समेत आठ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अब गवाह को धमकाने की इस घटना ने इलाके में फिर से तनाव पैदा कर दिया है। मुगलसराय पुलिस ने राजू यादव की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए रामलखन, लादेन और अमन यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और गवाह की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*