जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

सपा महिला जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल पर जानलेवा हमले में 5 लोगों पर FIR, सिद्धांत जायसवाल पर सीधा आरोप

मढ़िया में सपा महिला जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल के घर में घुसकर दबंगों ने उन पर और उनके बच्चों पर लाठी-डंडों व रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल नेत्री ने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।

 
 

सपा महिला जिलाध्यक्ष पर जानलेवा हमला

घर में घुसकर बर्बरता से पीटा

मासूम बच्चों के साथ भी मारपीट

सोने के जेवर लूटने का आरोप

सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद

 चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र से एक बेहद हैरान करने वाली वारदात सामने आई है। यहां के मढ़िया इलाके में बुधवार सुबह समाजवादी पार्टी की महिला सभा की जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल (गार्गी सिंह) पर उनके घर के भीतर घुसकर जानलेवा हमला किया गया।

पीड़िता से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 9:00 बजे वह अपने घर पर मौजूद थीं। इसी दौरान उनके पुराने कारोबारी साझेदार प्यारे मामा (निवासी सूजाबाद, पड़ाव) वहां पहुंचे। कुछ ही देर बाद उनके परिवार के अन्य लोग उर्मिला यादव, अमित यादव, मनोज यादव और मोनी यादव भी जबरन घर में घुस आए। इन सभी आरोपियों ने अपने हाथों में लोहे की रॉड, लाठी और डंडे ले रखे थे। घर में घुसते ही इन लोगों ने गार्गी पटेल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

attack-on-sp-leader-gargi-patel-in-mughalsarai

बर्बरता से पीटा और लूट लिए सोने के जेवर
आरोप है कि हमलावरों ने गार्गी पटेल के बाल पकड़कर उन्हें जमीन पर घसीटा और बेहद बेरहमी से पीटा। इस खूनी संघर्ष के दौरान दबंगों ने उनके गले से सोने की चेन, लॉकेट, कान की बाली और नाक की पिन भी जबरन छीन ली। दबंगों की हैवानियत यहीं नहीं रुकी; उन्होंने घर में मौजूद दो मासूम बच्चियों प्रतिजा सिंह और प्रगति सिंह को भी नहीं बख्शा। हमलावरों ने बच्चों के साथ भी जमकर मारपीट की, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

attack-on-sp-leader-gargi-patel-in-mughalsarai

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को तत्काल मुगलसराय राजकीय अस्पताल पहुंचाया। वहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हमले के कारण उनके शरीर में कई जगह गंभीर फ्रैक्चर आए हैं।

लखनऊ में मिली थी धमकी, राजनीतिक साजिश का आरोप
पीड़िता गार्गी पटेल ने इस पूरी घटना को एक सोची-समझी राजनीतिक साजिश करार दिया है। उन्होंने रामनगर निवासी सिद्धांत जायसवाल पर इस पूरी साजिश को रचने का सीधा आरोप लगाया है।

गार्गी पटेल ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में सिद्धांत जायसवाल ने उन्हें खुलेआम धमकी दी थी। आरोपी ने कहा था कि "तुम्हें खत्म कर देंगे और आगे नहीं बढ़ने देंगे।" पीड़िता ने आशंका जताई है कि उनकी राजनीतिक छवि को खराब करने और जान से मारने की नीयत से ही यह हमला प्रायोजित कराया गया है।

CCTV फुटेज बना अहम साक्ष्य, 5 पर केस दर्ज
इस पूरी वारदात का एक और अहम पहलू यह है कि यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस अब इस सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच को आगे बढ़ा रही है।

पीड़िता की तहरीर पर मुगलसराय पुलिस ने मुख्य आरोपी सिद्धांत जायसवाल समेत उर्मिला यादव, मोनी यादव, मनोज यादव और अमित यादव के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की प्रक्रिया में जुट गई है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*