जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

आम तोड़ने के विवाद में किया था जानलेवा हमला, 2 नाबालिगों के साथ जयचंद भी अरेस्ट

चंदौली के बलुआ क्षेत्र में आम तोड़ने जैसी मामूली बात पर एक युवक को लहूलुहान करने वाले मुख्य आरोपी और दो नाबालिगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उस्तरा और कैंची से किए गए इस जानलेवा हमले से इलाके में सनसनी फैल गई थी।

 
 

आम तोड़ने पर हुआ था खूनी विवाद

उस्तरे और लाठी से किया जानलेवा हमला

मुख्य आरोपी जयचंद उर्फ चंद्रलोक गिरफ्तार

दो बाल अपचारी भी पुलिस कस्टडी में

सैदपुर-तिरगांवा गंगा पुल से हुई गिरफ्तारी

 चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र में आम तोड़ने जैसी छोटी सी बात पर एक युवक पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थानाध्यक्ष अरुण सिंह के नेतृत्व में बलुआ पुलिस टीम ने रविवार 7 जून 2026 को मुखबिर और सर्विलांस साक्ष्यों की मदद से मुख्य अभियुक्त जयचन्द उर्फ चन्द्रलोक को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही घटना में शामिल दो बाल अपचारियों (नाबालिगों) को भी पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में लिया है।

यह पूरी घटना दो दिन पहले यानी 5 जून 2026 की है। ग्राम रमदत्तपुर पट्टी में आम तोड़ने को लेकर अमित कुमार कुशवाहा नाम के युवक का कुछ लोगों से विवाद हो गया था। बात इतनी बढ़ गई कि हमलावरों ने रंजिश में आकर अमित पर उस्तरा, कैंची और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने अमित के सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा था।

सैदपुर-तिरगांवा गंगा पुल के पास से घेराबंदी कर दबोचा
पीड़ित अमित कुमार कुशवाहा की तहरीर के आधार पर बलुआ थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं (191(2), 191(3), 109(1), 115(2), 118) के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी थी। रविवार को पुलिस टीम को सटीक सूचना मिली कि आरोपी भागने की फिराक में हैं। इसके बाद पुलिस ने सैदपुर-तिरगांवा गंगा पुल के पास घेराबंदी करके 20 वर्षीय मुख्य आरोपी जयचंद उर्फ चंद्रलोक को गिरफ्तार कर लिया और दो अन्य नाबालिगों को कस्टडी में ले लिया।

मरा हुआ समझकर भागे थे, नदी में फेंक दिए थे हथियार
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी जयचंद ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपियों ने बताया कि आम तोड़ने को लेकर अमित से उनकी बहस हुई थी, जिससे गुस्सा होकर उन्होंने उस्तरा, कैंची और लाठियों से उसके सिर पर बेरहमी से वार किए थे। जब अमित लहूलुहान होकर अचेत हो गया, तो वे उसे मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गए थे। कानूनी कार्रवाई और पुलिस के डर से उन्होंने घटना में इस्तेमाल किए गए उस्तरा, कैंची और लाठी-डंडों को तिरगांवा के पास गंगा नदी में फेंक दिया था।

हमलावरों को जेल भेजने की विधिक कार्रवाई जारी
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के साथ मारूफपुर चौकी प्रभारी उ0नि0 अमित सिंह, उ0नि0 कमला यादव, हे0का0 उपेन्द्र सिंह और हे0का0 संतोष यादव शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे के तहत आगे की सख्त विधिक कार्रवाई की जा रही है और मुख्य आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजने की तैयारी है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*