जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

घर के अंदर से चुराई थी सरिया: बलुआ पुलिस ने 3 शातिर चोरों को दबोचा, चोरी का माल बरामद

चंदौली के बलुआ थाने की पुलिस ने मकान के अंदर से लोहे की सरिया चोरी करने वाले तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी की गई एक कुंतल सरिया भी बरामद की है।

 
 

बलुआ पुलिस ने किया चोरी का खुलासा

मरकनिया पक्खोपुर गांव से 3 चोर गिरफ्तार

लगभग 1 कुंतल लोहे की सरिया बरामद

घर के गेट के अंदर से हुई थी चोरी

नए कानून BNS के तहत केस दर्ज

 चंदौली जिले में चोरों और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलुआ थाने की पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घर के अंदर से लोहे की सरिया चुराने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की गई भारी मात्रा में सरिया बरामद कर ली है।

यह पूरी घटना बलुआ थाना क्षेत्र के चहनियां (खण्डवारी) गांव की है। यहां के रहने वाले प्रवीण सिंह ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके मकान के गेट के अंदर रखी करीब 1.50 कुंतल लोहे की सरिया को अज्ञात चोरों ने पार कर दिया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तुरंत नए कानून के तहत केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी थी।

मरकनिया पक्खोपुर के पास से घेराबंदी कर दबोचे गए चोर
थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मामले की छानबीन करते हुए रविवार, 5 जुलाई 2026 को ग्राम मरकनिया पक्खोपुर के पास से तीनों अभियुक्तों को घेरकर गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में रोहित खरवार और राहुल कुमार (दोनों निवासी ग्राम चहनियां) और पंकज कुमार (निवासी ग्राम सिंगहा, बलुआ) शामिल हैं।

पुलिस ने जब इनकी निशानदेही पर जांच की, तो उनके कब्जे से चोरी की गई कुल 14 नग लोहे की सरिया बरामद हुई, जिसका वजन लगभग 1 कुंतल बताया जा रहा है।

सरिया चोरी की इस वारदात का चंद घंटों में सफल खुलासा करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के साथ उपनिरीक्षक अमरनाथ साहनी, उपनिरीक्षक जितेंद्र बहादुर सिंह, कांस्टेबल शिशिर यादव, रमेश चौहान और प्रशिक्षु आरक्षी प्रांशु मिश्रा व अनमोल वर्मा शामिल रहे। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की काफी सराहना की है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी कर उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*