बलुआ पुलिस ने पकड़ा मंदिर चोरों का गैंग, पीतल के घंटे, लोटा और नकदी बरामद
चंदौली जिले की बलुआ पुलिस ने मंदिरों में घूम-घूमकर घंटे, दीये और मुकुट चुराने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में पूजा के बर्तन और चोरी का सामान बेचकर कमाए ₹2900 बरामद किए हैं।
मंदिरों में चोरी करने वाले 2 शातिर गिरफ्तार
6 पीतल के घंटे और पूजा के बर्तन बरामद
चोरी के सामान की बिक्री के ₹2900 बरामद
बलुआ पुलिस ने अमरीपुर नहर से दबोचा
शहाबगंज और बलुआ क्षेत्र की चोरियों का खुलासा
चंदौली जिले में पुलिस प्रशासन द्वारा अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलुआ थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम 4 अगस्त 2026 को क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने अमरीपुर नहर पुलिया के पास से दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया।

चोरी का सामान और नकदी बरामद
पुलिस ने जब पकड़े गए दोनों युवकों की तलाशी ली, तो उनके पास से 6 पीतल के घंटे, 2 पीतल के लोटे, 1 तांबे का लोटा, 3 पीतल के आरती वाले दीये और चोरी का सामान बेचकर कमाए गए कुल ₹2900 नकद बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, दोनों अभियुक्तों के खिलाफ थाना बलुआ और शहाबगंज में चोरी की विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं।
मंदिरों को निशाना बनाता था यह शातिर गिरोह
कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि वे एक साथ मिलकर मंदिरों में घूम-घूमकर पीतल के घंटे, पूजा के बर्तन और मुकुट आदि चुराया करते थे। उन्होंने 1 अगस्त को फूलपुर स्थित हनुमान मंदिर, 2 अगस्त को लक्ष्मणगढ़ के रामशाला मंदिर से चांदी का मुकुट, तथा जुलाई के अंत में महगाँव पपौरा के दुर्गा माता और शंकर जी मंदिर से सामान चुराया था।
कबाड़ियों को बेच देते थे चोरी का माल
आरोपियों ने बताया कि वे चोरी किया गया ज्यादातर सामान राह चलते लोगों और कबाड़ियों को बेच देते थे और उससे मिले पैसों को आपस में बांटकर खर्च कर डालते थे। इससे पहले भी वे शहाबगंज क्षेत्र के बड़ौरा और सेमरा गांव के मंदिरों से घंटे चुरा चुके थे, जिन्हें बेचकर उन्हें करीब 9 हजार रुपये मिले थे। बचे हुए सामान को बेचने जाते समय ही पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
गिरफ्तार अभियुक्तों के बारे में जानकारी
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी बलुआ थाना क्षेत्र के सेवढ़ी मढ़ई गांव के रहने वाले हैं। इनमें 22 वर्षीय आकाश यादव पुत्र शिव बदन यादव और 26 वर्षीय सोनू कुमार पुत्र बंगाराम शामिल हैं। आकाश का पूर्व में आर्म्स एक्ट का भी आपराधिक इतिहास रहा है। इस सफलता में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक सुजीत कुमार सिंह, कांस्टेबल अनुज कुमार वर्मा और कांस्टेबल सुग्रीव चौरसिया की मुख्य भूमिका रही।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








