जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चकरघट्टा पुलिस को बड़ी कामयाबी: जंगल के रास्ते बिहार ले जाए जा रहे 15 गोवंश बरामद, पिता-पुत्र समेत 3 तस्कर गिरफ्तार

चंदौली की चकरघट्टा पुलिस ने परसिया जंगल में घेराबंदी कर बिहार वध हेतु ले जाए जा रहे 15 राशि गोवंश को बरामद किया है। पुलिस ने मौके से तीन शातिर गौ-तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

 
 

चकरघट्टा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

15 राशि गोवंश किए बरामद

तीन शातिर गौ-तस्कर गिरफ्तार

परसिया जंगल में घेराबंदी की

गोवध निवारण अधिनियम में केस

चंदौली जिले की चकरघट्टा थाना पुलिस को पशु तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने जंगल के रास्ते क्रूरतापूर्वक पैदल बिहार ले जाए जा रहे 15 राशि गोवंश को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। यह कार्रवाई उस समय हुई जब थानाध्यक्ष संतोष कुमार पुलिस टीम के साथ बरवाडीह के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि कुछ तस्कर गोवंशों को लेकर बिहार की तरफ बढ़ रहे हैं।

सस्ते दामों में खरीदकर बिहार में बेचने का धंधा
मुखबिर की सूचना पर मुस्तैद हुई पुलिस टीम ने तत्काल परसिया जंगल के पास घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से तीन गौ-तस्करों को धर दबोचा और उनके कब्जे से वध के लिए ले जाए जा रहे 15 राशि गोवंश (गाय और बछड़ा) बरामद किए। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने कुबूल किया कि वे आसपास के देहाती इलाकों से बेहद कम दामों में सीधे-साधे किसानों से गोवंश खरीदते थे। इसके बाद इन्हें एक जगह इकट्ठा करके पुलिस से बचने के लिए जंगल के दुर्गम रास्तों से पैदल बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेच देते थे।

गिरफ्तार तस्करों में पिता-पुत्र भी शामिल
पकड़े गए आरोपियों की पहचान बबुन्दर उर्फ बुल्लू (उम्र 42 वर्ष), उसके बेटे निखिल (उम्र 22 वर्ष) और संदीप कुमार उर्फ सोनू (उम्र 20 वर्ष) के रूप में हुई है। ये तीनों आरोपी चंदौली जिले के चकरघट्टा थाना क्षेत्र के ग्राम परसहवा के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि इस गिरोह के पकड़े जाने से इलाके में चल रहे पशु तस्करी के नेटवर्क को करारा झटका लगा है।

पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर तीनों अभियुक्तों के खिलाफ चकरघट्टा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 39/2026 के तहत उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/5बी/8 और 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के अंतर्गत केस दर्ज कर लिया गया है। इस कामयाबी को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष संतोष कुमार के साथ सब-इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र प्रताप यादव, विनोद सिंह यादव और संजय साहू शामिल रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*