जमीन बंटवारे के विवाद में गाड़ी चढ़ाने वाला सतीश मिर्जापुर से गिरफ्तार, पिता-पुत्र हो गए थे घायल
चंदौली के बरवाडीह गांव में जमीन बंटवारे के विवाद में वादी के पिता पर गाड़ी चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास करने वाला आरोपी सतीश जायसवाल मिर्जापुर के राजगढ़ से पुलिस की हत्थे चढ़ गया।
जमीन बंटवारे में गाड़ी चढ़ाकर हत्या की कोशिश
चकरघट्टा पुलिस ने आरोपी सतीश को दबोचा
मिर्जापुर के राजगढ़ से हुई शातिर की गिरफ्तारी
बीएनएस (BNS) की कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज
बरवाडीह गांव में जमीन विवाद में खूनी झड़प
चंदौली जिले के चकरघट्टा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरवाडीह गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई थी। पारिवारिक जमीन बंटवारे के विवाद में अपने ही रिश्तेदारों पर गाड़ी चढ़ाकर जान से मारने की कोशिश करने वाले वांछित आरोपी सतीश जायसवाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जमीन बंटवारे की बात पर बढ़ा विवाद
पीड़ित पक्ष के गोपाल (निवासी बरवाडीह) ने पुलिस को दी अपनी तहरीर में बताया कि 3 जुलाई 2026 की दोपहर उनके पिता और चाचा लोगों के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही थी। इसी दौरान सोनभद्र के बैनी निवासी हीरालाल, सतीश और भरत ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी।
पिता पर चढ़ा दी तेज रफ्तार गाड़ी
विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी सतीश जायसवाल ने अपने साथी भरत के साथ मिलकर वादी के पिता को जान से मारने की नीयत से उनके ऊपर अपनी गाड़ी (UP64 AW 9932) तेज गति में चढ़ा दी। इस जानलेवा हमले में वादी के पिता के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद आरोपी वाहन समेत मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस ने देर रात घेराबंदी कर दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चकरघट्टा पर बीएनएस (BNS) की धारा 115(2), 351(2), 352, 281, 125(बी), 109 और 117(2) के तहत केस दर्ज किया गया था। थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर मिर्जापुर जिले के राजगढ़ स्थित जौनपुरिया ढाबा के पास से आरोपी सतीश जायसवाल को देर रात करीब 1:30 बजे गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







