जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

दो शादियां और प्रेमी के साथ फरार महिला का मिला शव; हत्या के पीछे एक और प्रेम प्रसंग या शादी का दबाव?

मुदलसराय  से लापता 22 वर्षीय अंशु चौरसिया का क्षत-विक्षत शव चुनार के जंगल में मिला है। गला रेतकर और पत्थर से चेहरा कुचलकर की गई इस बेरहम हत्या ने प्रेम प्रसंग और रिश्तों के उलझे जाल पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

 
 

बलुआ बजाहुर जंगल में मिला शव

बोल्डर से चेहरा कुचलकर मिटाई पहचान

पति को छोड़ प्रेमी संग रह रही थी अंशु

एसओजी सहित तीन टीमें जांच में जुटी

चंदौली जिले के पड़ोस में मिर्जापुर जिला अंतर्गत चुनार कोतवाली के सक्तेशगढ़ बलुआ बजाहुर जंगल में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां चंदौली जनपद के पीडीडीयू नगर (मुगलसराय) की रहने वाली 22 वर्षीय अंशु चौरसिया का शव एक चहारदीवारी के पास पत्थरों से दबा हुआ मिला। हत्यारों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए पहले चाकू से अंशु का गला रेता और फिर उसकी पहचान छिपाने के उद्देश्य से भारी बोल्डर पटककर उसके चेहरे को बुरी तरह क्षत-विक्षत कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी ऑपरेशन के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया है।

चरवाहों की नजर पड़ी तो खुला खौफनाक राज
घटना का खुलासा तब हुआ जब गुरुवार की सुबह बलुआ बजाहुर गांव के कुछ चरवाहे अपनी बकरियां लेकर जंगल की ओर गए थे। वहां बाउंड्रीवाल के पास पत्थरों के ढेर से बाहर निकलते मानव पैर देख उनके होश उड़ गए। ग्राम प्रधान दुखरन सिंह की सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जब पत्थर हटाए, तो वहां अंशु चौरसिया का रक्त रंजित शव मिला। घटनास्थल पर संघर्ष के निशान और बाल पकड़कर घसीटे जाने के साक्ष्य मिले हैं, जो यह दर्शाते हैं कि हत्या से पहले मृतका ने अपनी जान बचाने के लिए कड़ा संघर्ष किया होगा। पुलिस को मौके से महिला का पर्स, टिफिन और एक चाकू भी बरामद हुआ है।

दो शादियां, प्रेमी संग पलायन और रिश्तों में दरार
अंशु चौरसिया की कहानी रिश्तों के बिखराव और विवादों से भरी रही है। मूल रूप से चंदौली के कंदवा थाना क्षेत्र के अमरा गांव की रहने वाली अंशु, कमलेश चौरसिया की पांच बेटियों में तीसरे नंबर पर थी। उसकी पहली शादी गाजीपुर के नीरज के साथ हुई थी, लेकिन अनबन के चलते वह अलग हो गई। इसके बाद 15 मार्च 2025 को उसकी दूसरी शादी मुगलसराय के किशन चौरसिया से हुई। हालांकि, दूसरी शादी भी अधिक समय तक नहीं टिक सकी। 17 जून 2025 को वह मुगलसराय जंक्शन पर चाऊमीन खाने के बहाने अपने पति के साथ निकली और वहीं से अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई।

स्वभाव से परेशान मां ने शव लेने से किया इनकार
पुलिस की तफ्तीश में एक दुखद पहलू यह भी सामने आया कि अंशु के आचरण और बार-बार घर से लापता होने की आदतों से उसका मायका परिवार बुरी तरह टूट चुका था। कंदवा थाना प्रभारी प्रियंका सिंह ने जब मृतका की मां प्रेमशीला और भाई को घटना की जानकारी दी, तो उन्होंने शव लेने से साफ इनकार कर दिया। परिजनों का कहना है कि अंशु ने अपने कार्यों से परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई थी, जिसके कारण वे उससे कोई संबंध नहीं रखना चाहते थे। पुलिस फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराकर विधिक कार्रवाई में जुटी है।

प्रेम प्रसंग और शादी का दबाव बना हत्या की वजह?
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग ही हत्या का मुख्य आधार नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि अंशु पिछले सात महीनों से अपने प्रेमी के साथ मुगलसराय में ही रह रही थी। आशंका व्यक्त की जा रही है कि अंशु द्वारा शादी का दबाव बनाने या किसी अन्य विवाद के चलते उसके प्रेमी ने ही उसे चुनार के सुनसान जंगल में ले जाकर ठिकाने लगा दिया। एसएसपी सोमेन वर्मा का कहना है कि शव करीब तीन से चार दिन पुराना लग रहा है। पुलिस टीमें आरोपी प्रेमी की तलाश में चंदौली और मिर्जापुर के विभिन्न ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही इस ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*