ओडिशा से यूपी-एमपी तक फैले गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, चंदौली में 44.670 किग्रा गांजे के साथ 2 शातिर दबोचे
वाराणसी ANTF और चंदौली की अलीनगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ओडिशा से XUV कार में लादकर लाया जा रहा करीब 10.5 लाख रुपये का 44.670 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। मौके से दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
चंदौली में 10.5 लाख का गांजा जब्त
XUV कार से अवैध गांजा बरामद
ANTF और अलीनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
ओडिशा से लाया जा रहा था गांजा
चंदौली जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) वाराणसी और थाना अलीनगर पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने सिंधीताली रेलवे ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर एक XUV कार से 44 किलो 670 ग्राम (एफआईआर व जब्ती अनुसार) अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 10 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
ओडिशा से यूपी-एमपी तक फैले गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, चंदौली में 44.670 किग्रा गांजे के साथ 2 शातिर दबोचे#chandauli #chandaulinews #chandaulisamachar #Chandaulilive #चंदौलीसमाचार #चंदौली #चंदौलीन्यूज @chandaulipolice @Uppolice pic.twitter.com/CEdOUqUCVe
— Chandauli Samachar (@chandaulinews) August 22, 2026
ओडिशा से लाई जा रही थी गांजे की खेप
पुलिस को 12 अगस्त 2026 को मुखबिर से सटीक इनपुट मिला था कि ओडिशा से अवैध गांजे की एक बड़ी खेप महिंद्रा XUV कार में लादकर लाई जा रही है। सूचना मिलते ही ANTF टीम वाराणसी के प्रभारी निरीक्षक और थाना अलीनगर पुलिस ने तुरंत रणनीति बनाई। सिंधीताली रेलवे ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू की गई।
भागने की कोशिश में पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
चेकिंग के दौरान जब संदिग्ध महिंद्रा XUV 500 (रजिस्ट्रेशन नंबर UP50 AB 9878) को रोकने का इशारा किया गया, तो कार सवारों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी करके कार को मौके पर ही रोक लिया। जब वाहन की सघन तलाशी ली गई, तो उसकी डिग्गी से 14 बंडलों में रखा कुल 44 किलो 670 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
सस्ते में खरीदकर ऊंचे दामों पर बेचते थे आरोपी
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए अभियुक्तों ने बताया कि वे ओडिशा से कम दाम में गांजा खरीदकर लाते थे। इस कारोबार में उनका साथी विनय द्विवेदी (निवासी चमरौहा उचडीह, थाना मानिकपुर, जिला चित्रकूट) भी शामिल है। तीनों मिलकर पैसा लगाते थे और गांजा लाकर विनय को दे देते थे, जो इसे आसपास के इलाकों में ऊंचे दामों पर बेचता था और बिक्री का पैसा आपस में बांट लेते थे।
गिरफ्तार आरोपी और उनका आपराधिक इतिहास
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए तस्करों में मनोहर झा (उम्र 35 वर्ष) निवासी लाल कुआं, गाजियाबाद और आंशू तिवारी (उम्र 22 वर्ष) निवासी पगार खुर्द, थाना सभापुर, जिला सतना (मध्य प्रदेश) शामिल हैं। अभियुक्त मनोहर झा के खिलाफ पहले से ही कमिश्नरेट गाजियाबाद के कवि नगर थाने और गौतमबुद्धनगर के बिसरख व सूरजपुर थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना अलीनगर में मुकदमा अपराध संख्या- 527/2026 धारा 8/20/29/60 NDPS एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







