जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

STF का बड़ा एक्शन, चंदौली का 50 हजार का इनामी बदमाश लखनऊ से गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने लखनऊ में छापेमारी कर चंदौली के 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी आशुतोष सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। संपत्ति विवाद में ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग कर फरार हुए इस आरोपी पर लूट और धोखाधड़ी के कई मुकदमे दर्ज हैं।

 
 

लखनऊ से 50 हजार का इनामी गिरफ्तार

एसटीएफ ने एलडीए कॉलोनी में दबोचा

संपत्ति विवाद में की थी फायरिंग

लूट और धोखाधड़ी में था वांछित

सैयदराजा थाने में दर्ज था मुकदमा

 उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए चंदौली जिले के शातिर और 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त आशुतोष सिंह को राजधानी लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया है।  आरोपी लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था। एसटीएफ की टीम ने सटीक सूचना के आधार पर लखनऊ के आशियाना थाना क्षेत्र स्थित एलडीए कॉलोनी में घेराबंदी की और उसे मां गायत्री स्वीट्स एवं नमकीन के पास से धर दबोचा।

 chandauli-criminal-ashutosh-singh-50k-reward-arrested-lucknow-stf

पारिवारिक विवाद में की थी ताबड़तोड़ फायरिंग 
गिरफ्तार अभियुक्त आशुतोष सिंह, जो चंदौली के सैयदराजा थाना अंतर्गत फेसुड़ा गांव का निवासी है, ने पूछताछ में अपने अपराधों को स्वीकार किया है।  उसने बताया कि जून 2025 में पैतृक संपत्ति की पैमाइश के दौरान उसका अपने ही रिश्तेदार शैलेंद्र कुमार सिंह से विवाद हो गया था।  इस विवाद के दौरान आशुतोष ने अपने साथी गोलू उर्फ राजीव सिंह के साथ मिलकर शैलेंद्र को जान से मारने की नीयत से दौड़ाया और इलाके में दहशत फैलाने के लिए कई राउंड ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग की थी।

 इस घटना के बाद सैयदराजा थाने में उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था और वह फरार होकर लखनऊ में छिप गया था। तभी से वह जगह बदल-बदल कर रह रहा था। 

अपराधों की लंबी फेहरिस्त और इनाम 
आशुतोष सिंह का आपराधिक इतिहास काफी पुराना है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वर्ष 2018 में उसके खिलाफ लूट और धोखाधड़ी जैसे संगीन मामलों में भी मुकदमे दर्ज किए गए थे।  लगातार फरार रहने और अपराधों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

 एसटीएफ ने गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करते हुए उसे आगे की कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया है।  फिलहाल पुलिस उसके अन्य आपराधिक नेटवर्क और मददगारों के बारे में भी गहनता से पूछताछ और जांच कर रही है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*