चंदौली में फाइनेंस कर्मी से सिर पर पिस्टल तानकर लूट, भागते समय खंभे से टकराई बदमाशों की कार, मोबाइल और कार छोड़ भागे लुटेरे
चंदौली के बबुरी रोड पर लूट
फाइनेंस कर्मचारी के सिर पर हमला
बोर्ड से टकराकर फंसी कार
कार और मोबाइल छोड़कर भागे बदमाश
मामले की जांच में जुटी पुलिस
चंदौली के सदर कोतवाली इलाके में आने वाले बबुरी रोड पर देर रात एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी के साथ लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। रोज़ की तरह कर्मचारी अपना कलेक्शन का काम खत्म करके घर लौटने की तैयारी कर रहा था। तभी कार सवार बदमाशों ने उसे अपना निशाना बना लिया।
सिर पर पिस्तौल की बट से हमला
जानकारी के मुताबिक यह घटना रात के करीब 10 से 10:30 बजे के आसपास की है। फाइनेंस कर्मचारी जैसे ही अपनी गाड़ी में बैठने लगा, तभी डिजायर कार में आए बदमाशों ने उसे घेर लिया। बदमाशों ने बिना कुछ सोचे-समझे कर्मचारी के सिर पर पिस्टल (रिवॉल्वर) की बट से दे मारा, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद लुटेरे उसका पैसों से भरा बैग छीनकर भाग निकले।

भागते वक्त खंभे से टकराई गाड़ी
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश घबराकर अपनी कार से तेज़ रफ्तार में भागने लगे। भागने की हड़बड़ी में महाराणा प्रताप बोर्ड के पास वे रास्ता भटक गए। उन्हें नहर की तरफ मुड़ना था, लेकिन गाड़ी सीधी आगे जाकर प्रधानमंत्री सड़क योजना के बड़े से बोर्ड से तेज़ रफ्तार में टकरा गई।
कार का बोनट फंसा, उखड़ गया बोर्ड
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लोहे का बोर्ड जड़ से उखड़ गया और बदमाशों की डिजायर कार का बोनट उसमें बुरी तरह से फंस गया। काफी कोशिशों के बाद भी बदमाश कार को पीछे नहीं खींच पाए। इसी बीच घायल फाइनेंस कर्मचारी भी हिम्मत जुटाकर उनका पीछा करते हुए वहां तक पहुंच गया।
गाड़ी और मोबाइल छोड़ भागे लुटेरे
खुद को फंसता देख और पकड़ाने के डर से बदमाश गाड़ी को वहीं छोड़कर पैदल ही अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। जल्दबाजी में लुटेरे अपनी कार के साथ-साथ अपना मोबाइल फोन भी वहीं छोड़ गए, जो अब पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग बन चुका है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने बदमाशों की कार और मोबाइल को अपने कब्जे में ले लिया है। गाड़ी के नंबर और मोबाइल के आधार पर लुटेरों का पता लगाया जा रहा है, ताकि उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







