जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

अवैध संबंधों के चलते मैरून निशा की हत्या, बिहार में कूड़े के ढेर पर मिला था शव, चन्दौली के बरठी गांव में पसरा मातम

चंदौली जिले की मैरून निशा का शव बिहार के रोहतास में एक सूटकेस से बरामद हुआ। मृतका के भाई ने पति पर अवैध संबंधों के कारण हत्या का आरोप लगाया है। गमजदा परिजनों ने पीएम मोदी और सीएम योगी से न्याय और हत्यारे को फांसी की मांग की है।

 

कूड़े के ढेर पर सूटकेस में मिली लाश

शादी के मात्र 3 साल बाद नृशंस हत्या

ताबीज से हुई मृतका मैरून निशा की पहचान

आरोपी पति पर अवैध संबंधों का गंभीर आरोप

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से फांसी की गुहार

चंदौली जिले की सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के बरठी गांव में इन दिनों मातम और आक्रोश का माहौल है। गांव की 30 वर्षीय बेटी मैरून निशा का शव बीते रविवार को बिहार के रोहतास जिले के डेहरी थाना क्षेत्र में रेलवे सब्जी मंडी के पास कूड़े के ढेर पर एक सूटकेस से बरामद हुआ। इस सनसनीखेज वारदात ने न केवल मृतका के परिवार को झकझोर दिया है, बल्कि पूरे गांव में गहरा गुस्सा भर दिया है।

Image

शादी के तीन साल बाद उजड़ी दुनिया
मृतका मैरून निशा के पिता स्वर्गीय अब्दुला शेख (घुरफेकन) की दो पुत्रियों में वह एक थी। उसकी शादी वर्ष 2022 में बिहार के रोहतास जिला स्थित डेहरी थाना क्षेत्र के जग्गी बिगहा न्यू मोहल्ला निवासी कयामुद्दीन (पुत्र सलीम) के साथ हुई थी। दंपति का एक दो साल का मासूम बेटा अलिशाद भी है, जिसके सिर से अब मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है।

भाई ने लगाए अवैध संबंधों और हत्या के आरोप
मृतका के भाई सरवर शेख ने मीडिया को बताया कि उसका बहनोई कयामुद्दीन अक्सर मैरून निशा को परेशान करता था। आरोप है कि कयामुद्दीन के अपनी मामी की बहन के साथ अवैध संबंध थे, जिसका विरोध करने पर उसने शुक्रवार को ही मैरून निशा की हत्या कर दी। वारदात को छुपाने के लिए आरोपी ने शनिवार को परिजनों को गुमराह किया कि मैरून कहीं चली गई है। शक होने पर जब सरवर अपनी मां के साथ डेहरी पहुंचा, तो उसे सूटकेस में शव मिलने की सूचना मिली। गले में मौजूद ताबीज को देखकर भाई ने अपनी बहन की पहचान की।

न्याय के लिए पीएम और सीएम से गुहार
मैरून निशा ने अपने गांव बरठी के कन्या विद्यालय से 10वीं तक की शिक्षा प्राप्त की थी। वह आखिरी बार 26 नवंबर को एक शादी समारोह में अपने मायके आई थी, लेकिन किसी को नहीं पता था कि यह उसकी आखिरी विदाई होगी। शव को गांव के कब्रिस्तान में दफना दिया गया है।

अब पीड़ित परिवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस मामले में हस्तक्षेप की अपील की है। ग्रामीणों और परिजनों की एक ही मांग है कि इस नृशंस हत्याकांड के आरोपी को जल्द से जल्द फांसी की सजा दी जाए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*