मुगलसराय में छिनैती: ट्रेन से उतरे छात्र का मोबाइल छीना और उड़ाए ₹6202, शातिर अपराधी लकी जायसवाल गिरफ्तार
चंदौली की मुगलसराय पुलिस ने ट्रेन से उतरकर पैदल जा रहे एक छात्र से मोबाइल छीनने और यूपीआई के जरिए खाते से पैसे उड़ाने वाले शातिर अपराधी लकी जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से चोरी का मोबाइल भी बरामद किया है।
राज होटल के पास से छीना गया था मोबाइल
मोबाइल के यूपीआई से बैंक खाते से उड़ाए पैसे
कुढ़ेखुर्द मोड़ के पास से दबोचा गया लुटेरा
आरोपी लकी जायसवाल पर पहले से दर्ज हैं कई केस
मुगलसराय पुलिस टीम को मिली बड़ी कामयाबी
चंदौली जिले की मुगलसराय कोतवाली पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने जीटी रोड पर राहगीरों से मोबाइल छीनने और फिर उनके मोबाइल से ऑनलाइन पैसे उड़ाने वाले एक शातिर और आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। पीड़ित रतन सिंह ने पुलिस को बताया था कि वह 24 मार्च 2026 को डीआरडीओ (DRDO) की परीक्षा देकर कानपुर से ट्रेन द्वारा मुगलसराय स्टेशन पर उतरा था। जब वह पैदल ही जीटी रोड से जा रहा था, तभी राज होटल के पास बाइक सवार एक लड़के ने उसका रियलमी मोबाइल छीन लिया और तंग गलियों में भाग निकला।
मोबाइल छीनकर खाते से साफ किए पैसे
वारदात सिर्फ मोबाइल छीनने तक ही सीमित नहीं रही। शातिर लुटेरे ने मोबाइल हाथ में आते ही उसमें मौजूद यूपीआई (UPI) सुविधा का गलत इस्तेमाल किया। उसने पीड़ित के बैंक खाते में सेंध लगाई और ₹6202 अपने परिजनों के खाते में ट्रांसफर कर दिए। पीड़ित की तहरीर पर मुगलसराय पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
कुढ़ेखुर्द मोड़ के पास से धरा गया आरोपी
थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार इस लुटेरे की तलाश में जुटी थी। इसी बीच मुखबिर से सटीक सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने रेलवे कॉलोनी क्षेत्र के कुढ़ेखुर्द मोड़ के पास घेराबंदी की। वहां से पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को दबोचा, जिसकी पहचान 19 साल के लकी जायसवाल (निवासी गल्ला मंडी सुपर मार्केट, मुगलसराय) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से छीना गया रियलमी मोबाइल फोन बरामद हो गया, जिसके आईएमईआई (IMEI) नंबर का मिलान शिकायत वाले फोन से हो गया है।
पुराना और आदतन अपराधी है लकी
पुलिस की पूछताछ में आरोपी लकी जायसवाल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि मोबाइल छीनने के बाद उसने ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर किए थे। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, लकी एक आदतन अपराधी है और उस पर पहले से ही मुगलसराय थाने में चोरी, लूट और छिनैती के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। साल 2021 और 2025 में भी वह कई मुकदमों में नामजद हो चुका है।
कामयाबी पाने वाली पुलिस टीम
इस शातिर अपराधी को सलाखों के पीछे पहुँचाने में मुगलसराय थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक विजय राज, कांस्टेबल बन्टी सिंह और रिक्रूट कांस्टेबल अजीत कुमार ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराएं बढ़ा दी हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








