जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली पुलिस ने आटो लिफ्टर गैंग के 2 शातिर चोर दबोचे, चोरी की 4 मोटरसाइकिलें बरामद

चंदौली कोतवाली पुलिस ने रविवार रात सकलडीहा तिराहे पर चेकिंग के दौरान दो शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 4 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। ये आरोपी शौक पूरा करने के लिए चोरी करते थे।

 
 

ऑटो लिफ्टर गैंग का पर्दाफाश

चार चोरी की बाइक बरामद

सकलडीहा तिराहे से हुई गिरफ्तारी

वाहनों को बिहार में बेचते थे

चंदौली जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदौली कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर रविवार (3 मई 2026) की देर रात करीब 00:48 बजे सकलडीहा तिराहे पर चेकिंग के दौरान दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्तों के कब्जे से पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई कुल 4 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

शौक पूरा करने के लिए करते थे चोरी
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे अपनी सुख-सुविधाओं और शान-शौकत को पूरा करने के लिए वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान 20 वर्षीय पवन गोंड (पुत्र राजेश कुमार, निवासी इब्राहिमपुर, चंदौली) और 19 वर्षीय सरफराज नट उर्फ विशाल (पुत्र शौकत अली, निवासी माटीगांव, चंदौली) के रूप में हुई है।

अभियुक्तों ने बताया कि वे आसपास के जनदों से मोटरसाइकिलें चुराकर एक जगह इकट्ठा करते थे और बाद में उन्हें बेचने के लिए बिहार ले जाते थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर रेलवे स्टेशन के पास पोखरा मंदिर के समीप झाड़ियों से छिपाई गई अन्य बाइकें भी बरामद कीं।

देख लीजिए कहीं बरामद बाइक आपकी तो नहीं... 
पुलिस द्वारा की गई बरामदगी और ई-चालान ऐप से जांच के बाद वाहनों का विवरण इस प्रकार है:

1. होंडा एसपी शाइन (UP67Y2761): इस वाहन के स्वामी विनोद खरवार (निवासी कमालपुर, चंदौली) हैं। अभियुक्तों ने इसे पिछले वर्ष सकलडीहा बाजार से चुराया था।

2. सुपर स्प्लेंडर (UP50AF6130): इस वाहन के स्वामी राज बहादुर सिंह (निवासी सराय सादी, आजमगढ़) हैं। इसे अभियुक्तों ने आजमगढ़ से चुराया था।

3. होंडा शाइन (UP61AJ0787): इस वाहन के स्वामी दीपक कुमार सिंह (निवासी गाजीपुर) हैं। इसे मद्धूपुर, चंदौली से चोरी किया गया था।

4. TVS XL सुपर (UP67H8232): इस वाहन के स्वामी राम नारायण राम (निवासी लक्ष्मणगढ़, चंदौली) हैं। इसे लक्ष्मणगढ़ से ही चुराया गया था।

दर्ज मुकदमा और पुलिस टीम
इस मामले में चंदौली कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 204/2026 धारा 317(2), 317(4) बीएनएस (BNS) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में से सरफराज नट उर्फ विशाल का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिसके खिलाफ पूर्व में सैयदराजा थाने में गो-हत्या निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा अपराध संख्या 40/2026) दर्ज है।

इस सफलता को हासिल करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वर प्रसाद पांडेय, उपनिरीक्षक बीरेन्द्र यादव (चौकी प्रभारी कस्बा), हेड कांस्टेबल अखिलेश यादव, कांस्टेबल वीर बहादुर यादव और कांस्टेबल आदर्श शर्मा शामिल रहे।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*