चंदौली पुलिस का रात में चला अभियान, 196 नशेबाजों पर कार्रवाई
शराब की दुकानों और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की सख्ती
शराबियों और अराजक तत्वों पर कार्रवाई
लोगों को किया जा रहा है जागरूक
चंदौली जिले में शराब की दुकानों के आसपास और सार्वजनिक स्थानों पर नशेबाजी, अराजकता और अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ चंदौली पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर (आईपीएस) के पर्यवेक्षण में चलाए गए इस अभियान में जिलेभर से कुल 196 शराबियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
यह विशेष अभियान पीयूष मोर्डिया, अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन तथा वैभव कृष्ण, पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र के निर्देश पर संचालित किया गया। पुलिस टीम ने न केवल शहरी क्षेत्रों बल्कि ग्रामीण इलाकों में भी संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर सघन चेकिंग की।

शराबियों और अराजक तत्वों पर कार्रवाई
पुलिस ने शराब की दुकानों के पास खुले में शराब पीने, जुआ खेलने, स्टंट दिखाने, छेड़खानी करने और अराजकता फैलाने वालों पर शिकंजा कसा। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई। सभी मामलों में संबंधित व्यक्तियों पर धारा 292 BNS और पुलिस एक्ट की धारा 34 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
जागरूकता के साथ सुधार की कोशिश
चंदौली पुलिस केवल दंडात्मक कार्रवाई तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि नशे की बुराइयों को लेकर लोगों को जागरूक भी किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शराब और मादक पदार्थों के सेवन से व्यक्ति को आर्थिक, शारीरिक और सामाजिक हानि होती है। इससे न केवल व्यक्तिगत जीवन प्रभावित होता है, बल्कि परिवार और समाज की प्रतिष्ठा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। पुलिस ने पकड़े गए लोगों को आगे से नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान जनपद में लगातार जारी रहेगा। पुलिस का लक्ष्य है कि सार्वजनिक स्थलों पर कानून व्यवस्था बनी रहे और आम नागरिक निर्भय होकर आवाजाही कर सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब के नशे में उपद्रव मचाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







