चंदौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गोवंश तस्करी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार
चंदौली पुलिस ने पिकअप से पकड़ा गोवंश तस्कर गिरोह
एक पिकअप से एक गाय के साथ दो गिरफ्तार
वाराणसी की तरफ से बिहार ले जाया जा रहा था गोवंश
चंदौली जिले के पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर गोवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में थाना चंदौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन से एक गाय के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप (UP70NT4251) पर गोवंश को वध के लिए बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने JIO पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर वाहन से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चालक ज्ञानचन्द्र सरोज (पुत्र रामनरायण सरोज, निवासी तरहटी थाना मुगराबादशाहपुर, जौनपुर, उम्र 35 वर्ष) और अनिल बिन्द (पुत्र जवाहर बिन्द, निवासी तरहटी थाना मुगराबादशाहपुर, जौनपुर, उम्र 36 वर्ष) के रूप में हुई है। इनमें से अनिल बिन्द ने स्वयं को वाहन स्वामी बताया है।
पुलिस ने मौके से पिकअप और एक गाय को बरामद किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना चंदौली में मुक़दमा अपराध संख्या 230/2025 धारा 3/5A/5B/8 गोवध निवारण अधिनियम व धारा 11 पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिवपूजन बिन्द, उपनिरीक्षक कन्हैया लाल मौर्य और हेड कांस्टेबल संजीत शाह शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि जिले में गोवंश तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान और तेज किया जाएगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








