चंदौली पुलिस का 'जीरो टॉलरेंस' एक्शन: निलंबित सिपाही सत्येंद्र यादव गिरफ्तार, अंबेडकरनगर से पकड़ा गया
चंदौली पुलिस ने विभाग को कलंकित करने वाले सिपाही सत्येंद्र यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी सिपाही गोतस्करों को पुलिस की गोपनीय लोकेशन और मूवमेंट की जानकारी लीक कर तस्करी में मदद करता था।
भ्रष्टाचार में वांछित निलंबित सिपाही गिरफ्तार
अंबेडकरनगर के पलई बाजार से गिरफ्तारी
गोतस्करों को पुलिस लोकेशन की गुप्त सूचना
मोबाइल से मिले चैट और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
चंदौली पुलिस ने 'जीरो टॉलरेंस' नीति का पालन करते हुए विभाग की छवि धूमिल करने वाले एक सिपाही के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में भ्रष्टाचार के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे निलंबित सिपाही सत्येंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को अंबेडकरनगर जनपद के पलई बाजार क्षेत्र से घेराबंदी कर पकड़ा। इस कार्रवाई से विभाग के भीतर उन कर्मियों में हड़कंप मच गया है जो अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त रहते हैं।
पुलिस की लोकेशन लीक कर कराता था तस्करी
जांच में सामने आया कि सत्येंद्र यादव गोतस्करों के सक्रिय सिंडिकेट का हिस्सा था। वह चंदौली बॉर्डर पार कराने के लिए तस्करों को पुलिस की गोपनीय जानकारी साझा करता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी सिपाही गश्त की लोकेशन, पुलिस का मूवमेंट और तस्करी के लिए सुरक्षित रास्तों की जानकारी अपराधियों को व्हाट्सऐप के जरिए भेजता था। मोबाइल की गहन जांच में पुलिस को ऐसे कई व्हाट्सऐप कॉल, चैट और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य मिले हैं, जो उसकी संलिप्तता की पुष्टि करते हैं।
ऑनलाइन लेन-देन और भ्रष्टाचार का खेल
आरोपी सिपाही इस अवैध मदद के बदले तस्करों से मोटी रकम वसूलता था। पैसों का यह लेन-देन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किया जाता था। बताया गया कि आरोपी सत्येंद्र यादव वर्तमान में निलंबित चल रहा था और उसके खिलाफ पहले से ही भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था। वह लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए छिप रहा था, लेकिन पुलिस की तकनीकी टीम और सर्विलांस ने उसे दबोच लिया।
इस महत्वपूर्ण गिरफ्तारी को सदर कोतवाल विजय बहादुर सिंह और इलिया थानाध्यक्ष चंदन कुमार की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। गिरफ्तारी के बाद प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के साथ अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर और सीओ चकिया रघुराज भी मौजूद रहे। एसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जनता की सुरक्षा के लिए बनी पुलिस में किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार या अपराधियों के साथ मिलीभगत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसके खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







