चंदौली पुलिस का वारंटियों और अपराधियों के खिलाफ अभियान, बलुआ और सैयदराजा पुलिस ने 3 को दबोचा
चंदौली एसपी आदित्य लांग्हे के निर्देश पर जिले में धरपकड़ अभियान जारी है। सैयदराजा पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम के दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, वहीं बलुआ पुलिस ने पुराने मामलों में फरार चल रहे एक वारंटी को सलाखों के पीछे भेजा।
बलुआ पुलिस ने वारंटी पीयूष मौर्य को किया गिरफ्तार
सैयदराजा पुलिस के हत्थे चढ़े गोवध के दो वांछित
मुखबिर की सूचना पर जेठमलपुर अंडरपास से गिरफ्तारी
पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत बड़ी कार्रवाई
एसपी आदित्य लांग्हे के नेतृत्व में अभियान तेज
चंदौली जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत चंदौली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जिले के विभिन्न थानों की सक्रियता से फरार चल रहे वांछितों और वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को बलुआ और सैयदराजा पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कुल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई पूरी की।
सैयदराजा: गोवध और पशु क्रूरता के दो वांछित गिरफ्तार
थाना सैयदराजा पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए गोवध निवारण अधिनियम के तहत फरार चल रहे दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चन्द्रशेखर और क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अशोक मिश्र के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वांछित अभियुक्त इलाके में देखे गए हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दिनांक 27 फरवरी 2026 को सुबह करीब 10:00 बजे जेठमलपुर अण्डरपास पुल के पास से घेराबंदी की। यहाँ से मोहित कुमार कश्यप (29 वर्ष) और राजीव प्रसाद कश्यप (35 वर्ष), पुत्रगण जगरनाथ, निवासी ग्राम लख्खापुर, थाना बड़ागांव (वाराणसी) को गिरफ्तार किया गया। इनके खिलाफ सैयदराजा थाने में मुकदमा अपराद संख्या 62/2026 के तहत गोवध और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज था।
बलुआ: लंबे समय से फरार वारंटी चढ़ा हत्थे
दूसरी तरफ, थाना बलुआ पुलिस ने भी प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक वारंटी को उसके घर के पास से दबोच लिया। थानाध्यक्ष अरूण प्रताप सिंह के कुशल नेतृत्व में उप-निरीक्षक राजेश सिंह ने ग्राम प्रभूपुर इटवा से पीयूष मौर्य (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया।
पीयूष मौर्य के खिलाफ न्यायालय द्वारा प्रकीर्ण वाद संख्या 39/2025 (धारा 147 बीएनएसएस) और 424/2022 (धारा 125(3) सीआरपीसी) में वारंट जारी किया गया था। वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष के साथ हेड कांस्टेबल दिलीप कुमार और चौकी प्रभारी कैलावर शामिल रहे।
अपराधियों में मची खलबली
एसपी चंदौली के कड़े रुख और जिले के अधिकारियों के निरंतर पर्यवेक्षण के कारण अपराधियों में खलबली मची हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए वांछितों और वारंटियों की गिरफ्तारी का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। पकड़े गए सभी अभियुक्तों का चालान कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







