जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

चंदौली पुलिस का बड़ा एक्शन: 50 हजार का इनामी कोयला लूट का आरोपी और 25 हजार का इनामी गोतस्कर गिरफ्तार

चंदौली पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 50 हजार के इनामी कोयला लूट के आरोपी दिलशाद और 25 हजार के इनामी गोतस्कर समसाद राइन को गिरफ्तार किया है।
 

चंदौली में पचास हजार का इनामी गिरफ्तार

ट्रक से कोयला लूटने वाला आरोपी दबोचा

इलिया पुलिस और सर्विलांस टीम की कार्रवाई

पच्चीस हजार का इनामी गोतस्कर गिरफ्तार

चंदौली जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने एक शातिर और वांछित अपराधी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने सैयदराजा थाने में दर्ज कोयला लूट के मुकदमे में 50,000 रुपये के इनामी अभियुक्त दिलशाद (पुत्र अब्दुल मजीद, निवासी प्रयागराज) को अलीनगर के पंचफेड़वा से धर दबोचा। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी और गैंगेस्टर एक्ट समेत विभिन्न जनपदों में कुल 9 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

क्या थी पुरानी घटना
गौरतलब है कि 27 नवंबर 2024 को वादी इम्तेयाज खान ने सैयदराजा थाने में तहरीर दी थी कि उनके ट्रक (नंबर BR01GF8742) पर 25 टन कोयला लादकर ड्राइवर और खलासी सीतापुर के लिए निकले थे, जिसे रास्ते में सैयदराजा क्षेत्र से लूट लिया गया था। बाद में जांच और शक के आधार पर पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज किया था। लंबे समय से फरार चल रहे इस इनामी बदमाश की तलाश पुलिस को थी, जिसे अब गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गोतस्करों पर भी इलिया पुलिस का शिकंजा
दूसरी तरफ, चंदौली के थाना इलिया पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने गोवध निवारण अधिनियम के एक अन्य मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 25,000 रुपये के इनामी गोतस्कर समसाद राइन (पुत्र रज्जब अली, निवासी फतेहपुर) को बांदा जिले के बिसण्डा थाना क्षेत्र के कोर्रई गांव के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ गोवध अधिनियम के साथ-साथ पोक्सो एक्ट जैसे गंभीर मामले भी दर्ज हैं।

कैसे खुला था गोतस्करी का मामला
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, 20 अगस्त 2025 को इलिया पुलिस ने चेकिंग के दौरान बनरसिया नहर माइनर के पास दो पिकअप गाड़ियों से क्रूरतापूर्वक लादकर बिहार ले जाए जा रहे 12 गोवंशीय पशुओं को बरामद किया था। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन चालक मौके से फरार हो गए थे। इसी मामले की विवेचना के दौरान प्रकाश में आए इस इनामी तस्कर की तलाश पुलिस लगातार कर रही थी, जिसे आखिरकार सर्विलांस की मदद से दबोच लिया गया।

पुलिस टीमों की सराहनीय सफलता
इन दोनों बड़ी सफलताओं को हासिल करने में चंदौली पुलिस के साथ-साथ सर्विलांस सेल की टीम की भूमिका अहम रही। कोतवाली पुलिस, सैयदराजा पुलिस और इलिया पुलिस की संयुक्त कार्यप्रणाली से अपराधियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर लगातार सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*