'प्रेस' का स्टीकर लगाकर कर रहे थे पशु तस्करी, चंदौली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक पशु तस्कर को दबोचा, साथी भागने में सफल
चंदौली की सदर कोतवाली पुलिस और पशु तस्करों के बीच कोड़रिया बसारीपुर के पास मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक तस्कर पकड़ा गया और प्रेस लिखी क्रूजर से दो मवेशी बरामद हुए।
चंदौली में पुलिस और पशु तस्करों के बीच हुई मुठभेड़
घेराबंदी देख तस्करों ने पुलिस टीम पर की ताबड़तोड़ फायरिंग
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी हुआ गिरफ्तार
प्रेस लिखी क्रूजर गाड़ी से एक गाय समेत दो मवेशी बरामद
अंधेरे का फायदा उठाकर दूसरा तस्कर मौके से हुआ फरार
चंदौली जिले की सदर कोतवाली पुलिस और पशु तस्करों के बीच कोड़रिया बसारिकपुर के पास जोरदार मुठभेड़ हो गई। पुलिस की घेराबंदी देखकर घबराए पशु तस्करों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने मौके से एक आरोपी को धर दबोचा, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। पुलिस ने घटनास्थल से 'प्रेस' लिखा हुआ एक क्रूजर वाहन बरामद किया है, जिसमें एक गाय समेत कुल दो मवेशी लदे हुए थे। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया था जाल
मिली जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली पुलिस को मुखबिर के जरिए इलाके में पशु तस्करों के आवागमन की सटीक सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सकलडीहा रोड स्थित कोड़रिया बसारीपुर के पास घेराबंदी कर दी। इसी दौरान मवेशियों को लेकर आ रहे तस्करों की नजर पुलिस टीम पर पड़ गई। पुलिस को सामने देखकर तस्कर अपनी क्रूजर गाड़ी लेकर सकलडीहा की तरफ तेजी से भागने लगे। इस पर पहले से सतर्क पुलिस की दूसरी टीम ने भी आगे से रास्ता रोककर उन्हें घेरने का प्रयास किया।
दोनों तरफ से घिरने पर तस्करों ने झोंकी फायरिंग
पुलिस की दोनों तरफ से घेराबंदी होती देख तस्कर पूरी तरह घबरा गए और बसारिकपुर के पास पुलिस टीम को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से पुलिस टीम सतर्क हो गई और तुरंत मोर्चा संभालते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दूसरा तस्कर फायरिंग करते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। राहत की बात यह रही कि इस मुठभेड़ और पुलिस की जवाबी कार्रवाई में किसी के भी घायल होने की कोई सूचना नहीं है।
मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर भेजा, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने मौके से बरामद 'प्रेस' लिखी क्रूजर गाड़ी की तलाशी ली, तो उसमें एक गाय समेत कुल दो मवेशी बेहद क्रूरता से लदे हुए मिले। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बरामद मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर भिजवाया। वहीं, गिरफ्तार किए गए आरोपी से पुलिस टीम गहन पूछताछ कर रही है, ताकि पशु तस्करी के इस अवैध धंधे से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस का मानना है कि गाड़ी पर 'प्रेस' लिखवाकर तस्कर पुलिस और चेकिंग से बचने की कोशिश कर रहे थे।
क्या बोले सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक?
इस पूरी कार्रवाई के संबंध में सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह ने बताया कि मुखबिर के माध्यम से पशु तस्करों के सक्रिय होने की सूचना मिली थी। घेराबंदी के दौरान तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुठभेड़ में कोई भी घायल नहीं हुआ है। फिलहाल फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







