पुलिस की चेकिंग देख गाड़ी छोड़ भागे पशु तस्कर, पिकअप में 10 जानवर बरामद
चंदौली में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
गोतस्करी के खिलाफ सख्त रुख
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई कार्रवाई
चंदौली जिले की कोतवाली पुलिस ने शनिवार देर रात गोतस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 गोवंश से भरी एक पिकअप वाहन बरामद की। पुलिस की चेकिंग अभियान को देखते ही आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए। इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया है कि प्रदेश में अवैध गोतस्करी रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन किस हद तक सक्रिय है।
पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे के निर्देश पर जिले में लगातार गोतस्करी रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर (आईपीएस) और क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में कोतवाली प्रभारी संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को 16 अगस्त की रात मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन में गोवंश को वाराणसी हाईवे से होते हुए बिहार ले जाया जा रहा है।
वाहन छोड़ भागे तस्कर
सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने वार्ड-6 इंदिरा नगर, नेशनल हाईवे पर घेराबंदी की। थोड़ी देर बाद हाई स्पीड से आती एक पिकअप वाहन को रोकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही वाहन चालक और उसके साथी वाहन खड़ा कर मौके से फरार हो गए। जांच में पिकअप के ढाले में 10 गोवंश (07 सांड और 03 गाय, जिनमें 02 जीवित व 01 मृत) मिले।
दर्ज हुआ मुकदमा
बरामदगी के आधार पर थाना कोतवाली चंदौली में मुकदमा अपराध संख्या-218/2025 धारा 3/5A/5B/8 गोवध निवारण अधिनियम, 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम तथा 325, 318(4), 338, 336(3), 340(2), 109 BNS के तहत अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ पंजीकृत किया गया। पुलिस ने पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।
टीम को मिली सफलता
बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक देवेन्द्र बहादुर सिंह (चौकी प्रभारी कस्बा) और उपनिरीक्षक राजेन्द्र यादव शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना की है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






