जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली पुलिस को बड़ी सफलता: दो मैजिक वाहनों से गोवंश बरामद, बिहार का तस्कर गिरफ्तार

चंदौली कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर भगवानपुर तालाब के पास घेराबंदी कर 03 गोवंश बरामद किए हैं। तस्करी में प्रयुक्त 02 मैजिक गाड़ियाँ जब्त की गई हैं और बक्सर निवासी एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है।

 
 

03 राशि गोवंश सुरक्षित बरामद

तस्करी में प्रयुक्त 02 मैजिक जब्त

बक्सर बिहार का तस्कर गिरफ्तार

भगवानपुर तालाब के पास बड़ी कार्रवाई

अंधेरे का लाभ उठाकर एक फरार

चंदौली जनपद में पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे द्वारा गोतस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान भगवानपुर तालाब के पास से दो मैजिक वाहनों में क्रूरतापूर्वक लादे गए 03 राशि गोवंशों को बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरा अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहा।

चेकिंग प्वाइंट से पहले ही रुक गए वाहन
जानकारी के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) अनंत चन्द्रशेखर और क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम 10 मार्च 2026 को भगवानपुर तालाब के पास संदिग्ध वाहनों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गोवंशों को लदकर कुछ वाहन बिहार की ओर जा रहे हैं। पुलिस टीम की सक्रियता देखकर तस्करों में हड़कंप मच गया और वे लीलापुर ओवरब्रिज के पास ही वाहन रोककर छिपने का प्रयास करने लगे।

गिरफ्तारी और बरामदगी का विवरण
पुलिस टीम जब वाहनों के पास पहुंची, तो मैजिक संख्या UP67BT4665 के चालक को पकड़ लिया गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान जलालुद्दीन पुत्र किताबुद्दीन, निवासी कमरपुर, थाना मुफ्फसिल, जिला बक्सर (बिहार) के रूप में हुई है। वहीं, दूसरे वाहन संख्या UP67BT4186 का चालक मौके से फरार हो गया। दोनों वाहनों की तलाशी लेने पर कुल 03 राशि गोवंश बरामद हुए, जिन्हें तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था।

कई धाराओं में मामला दर्ज
पकड़े गए अभियुक्त के खिलाफ थाना चंदौली में मुकदमा अपराध संख्या 96/2026 के तहत उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/8 और पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह के साथ उपनिरीक्षक रावेन्द्र सिंह (चौकी प्रभारी मण्डी), उरनिरीक्षक बीरेन्द्र यादव (चौकी प्रभारी कस्बा), मुख्य आरक्षी धीरेन्द्र यादव और आरक्षी प्रियेश कुमार यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*