जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

पुट्टी की बोरियों के पीछे छिपाकर नोएडा से बिहार जा रही 1.20 करोड़ की अंग्रेजी शराब बरामद, 2 तस्कर गिरफ्तार

चंदौली जिले की सैयदराजा पुलिस और स्वाट टीम ने हाईवे पर घेराबंदी कर 1.20 करोड़ रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। नोएडा से बिहार ले जाई जा रही इस शराब को ट्रक में पुट्टी के पीछे छिपाया गया था।

 

कुल 710 पेटी अवैध शराब बरामद

शराब की अनुमानित कीमत 1.20 करोड़

ट्रक और लोकेशन देने वाली बोलेरो जब्त

नोएडा से बिहार हो रही थी तस्करी

झारखंड निवासी दो शातिर तस्कर गिरफ्तार

चंदौली जनपद की सैयदराजा पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे-19 पर घेराबंदी कर एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1.20 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो नोएडा से बिहार की ओर शराब की खेप लेकर जा रहे थे।

                                  

पुट्टी की आड़ में छिपा था करोड़ों का 'नशा'
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जिले भर में मादक पदार्थों और अवैध शराब के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थानाध्यक्ष सैयदराजा अशोक कुमार मिश्रा और स्वाट टीम प्रभारी रामजनम यादव की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक में अवैध शराब बिहार ले जाई जा रही है। पुलिस ने NH-19 पर ग्राम बरठी कमरौर के समीप एक पेट्रोल पंप के पास संदिग्ध ट्रक (NL01AF3253) को रोका। तलाशी के दौरान ऊपर पुट्टी की बोरियां रखी मिलीं, लेकिन जब टीम ने गहनता से जांच की, तो अंदर ब्रांडेड अंग्रेजी शराब की 710 पेटियाँ लदी हुई थीं।

                                       

बोलेरो से दी जा रही थी लोकेशन, दो गिरफ्तार
शराब तस्कर इस बार पूरी प्लानिंग के साथ थे। ट्रक के आगे-आगे एक महिंद्रा बोलेरो (UP13BD0011) चल रही थी, जो पुलिस की मौजूदगी और रास्तों की लोकेशन ट्रक चालक को दे रही थी। पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए ट्रक चालक अली बक्श और बोलेरो सवार मुरताज अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। ये दोनों आरोपी झारखंड के दुमका और देवधर जिले के निवासी हैं। पुलिस ने मौके से तीन मोबाइल फोन, एक ट्रक और एक बोलेरो गाड़ी भी बरामद की है।

ब्रांडेड शराब की भारी खेप बरामद
बरामद की गई शराब में रॉयल स्टैग, इंपीरियल ब्लू और मैकडॉवेल्स जैसे नामी ब्रांडों की बोतलें शामिल हैं। कुल शराब की मात्रा 6325.92 लीटर मापी गई है। पकड़े गए अभियुक्तों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे नोएडा से शराब लेकर बिहार राज्य में ऊंचे दामों पर बेचने के लिए जा रहे थे।

पुलिस टीम पर इनाम की घोषणा
सफलतापूर्वक कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा के साथ स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव, उपनिरीक्षक सुनील कुमार और उनकी पूरी टीम शामिल रही। क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ थाना सैयदराजा में आबकारी अधिनियम और बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। इस बड़ी कामयाबी से शराब तस्करों के सिंडिकेट को बड़ा झटका लगा है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*