जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

नोएडा से बिहार भेजी जा रही शराब की बड़ी खेप चंदौली में पकड़ी गई, सैयदराजा पुलिस और स्वॉट टीम ने 2 तस्करों को दबोचा

चंदौली पुलिस ने एक बड़े अंतर्राज्यीय शराब तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। सैयदराजा पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई में 1.40 करोड़ रुपये मूल्य की 849 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है, जिसे बेहद शातिराना तरीके से ट्रक में छिपाकर बिहार ले जाया जा रहा था।

 
 

1.40 करोड़ की अवैध शराब बरामद

धागे की गुल्लियों के नीचे छिपी थी खेप

नोएडा से बिहार ले जा रहे थे शराब

सैयदराजा पुलिस और स्वाट टीम की सफलता

मैनपुरी के दो शातिर तस्कर गिरफ्तार

चंदौली जनपद में अपराधियों और तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में सैयदराजा थाना पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने नेशनल हाईवे-19 पर चेकिंग के दौरान एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1.40 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

chandauli news liquor smuggling truck  chandauli khabar police swatt team

धागे की रील के नीचे छिपा था 'जहर' का जखीरा
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नोएडा (दादरी) से एक ट्रक में अवैध शराब की बड़ी खेप बिहार ले जाई जा रही है। सैयदराजा थाना प्रभारी अशोक कुमार मिश्रा और स्वाट टीम प्रभारी रामजनम यादव के नेतृत्व में पुलिस ने जेठमलपुर काले पीर बाबा मजार के पास नाकाबंदी की। जब ट्रक (RJ14JQ3205) को रोककर तलाशी ली गई, तो ऊपर से कागज की बड़ी-बड़ी गुल्लियां (धागा लपेटने वाली रील) दिखाई दीं। लेकिन जब गहराई से जांच की गई, तो उनके नीचे भारी मात्रा में शराब की पेटियां बरामद हुईं।

849 पेटियां और 7473 लीटर शराब बरामद
पुलिस की सघन तलाशी में ट्रक के भीतर से कुल 849 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसमें 'रॉयल स्टैग', 'इम्पीरियल ब्लू' और 'ब्लू स्टार' जैसे ब्रांड शामिल थे, जिन पर केवल पंजाब में बिक्री के लिए (For Sale in Punjab Only) अंकित था। बरामद शराब की कुल मात्रा 7473.36 लीटर मापी गई है। पुलिस ने मौके से दो अभियुक्तों, हरिश्चंद्र और अंकित को गिरफ्तार किया है, जो उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के रहने वाले हैं।

पुलिस टीम को मिली बड़ी सराहना
एसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन और डीआईजी वाराणसी के कुशल निर्देशन में की गई है। तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है। गिरफ्तार तस्करों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनके आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है। इस बड़ी सफलता ने सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी करने वाले गिरोहों की कमर तोड़ दी है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*