पुलिस टीम को गाड़ी से कुचलना चाहते थे पशु तस्कर, सैयदराजा पुलिस ने 2 बदमाशों को दबोचा
एनएच-2 पर चेकिंग के दौरान हादसा
तस्करों ने पुलिस पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की
गोवध निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
चंदौली जिले में पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जनपद में गौ-तस्करी (Cow Smuggling) पर प्रभावी अंकुश लगाने और इस अपराध में संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर (आई.पी.एस.) और क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार के कुशल पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
प्रभारी निरीक्षक सैयदराजा विन्देश्वर प्रसाद के नेतृत्व में थाना सैयदराजा पुलिस टीम आज दिनांक 18 नवंबर 2025 को संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान इन दोनों शातिर पशु तस्करों को पकड़ा गया है।
NH-2 पर मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
पुलिस टीम को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि गोवंशीय पशुओं को क्रूरतापूर्वक लादकर गोवध हेतु बिहार ले जाया जा रहा है और वे एनएच-2 हाइवे के उत्तरी लेन से होकर गुजरने वाले हैं। इस सूचना के आधार पर, स्थानीय पुलिस टीम तुरंत पोखरा पानी टंकी कस्बा सैयदराजा के पीछे एनएच-2 हाइवे उत्तरी लेन पर पहुँची और वाराणसी की तरफ से आने वाले वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। कुछ समय बाद, तेज गति से आता हुआ एक पिकअप वाहन दिखाई दिया।
सैयदराजा पुलिस टीम पर जानलेवा हमला की कोशिश
पुलिस टीम द्वारा दूर से वाहन चालक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वाहन चालक ने जान बूझकर और तेज गति से चलाकर जान से मारने की नीयत से पुलिस बल की तरफ गाड़ी बढ़ा दी। हालांकि, पुलिस टीम ने अपनी जान बचाते हुए इधर-उधर हटकर खुद को सुरक्षित किया। तत्पश्चात, पुलिस टीम ने सावधानीपूर्वक दौड़ाकर 02 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए पिकअप वाहन संख्या UP67BT4605 की जाँच करने पर, उसमें क्रूरतापूर्वक लादे गए कुल 9 राशि गोवंशों (Cattle) को बरामद किया गया।
साथ में दो एण्ड्रायड मोबाइल फोन और ₹34/- नकद भी मिले हैं।
गोवध निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना स्थानीय पर मुकदमा अपराध संख्या- 345/25 के तहत कई गंभीर धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। इसमें धारा 3/5ए/5बी/8 गोवध निवारण अधिनियम, 11 पशु क्रूरता अधिनियम और 109 बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) शामिल हैं। पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के बारे में जानकारी
- कमलेश पुत्र रामाशंकर, निवासी फत्तेपुर कलां, थाना चंदौली।
- राजू, निवासी खेदाईनारायनपुर, थाना सैयदराजा)।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय, उपनिरीक्षक रामकुमार दुबे, कांस्टेबल रूद्रप्रताप, कांस्टेबल बृजेश चौहान, कांस्टेबल शंकर राम, हेडकांस्टेबल मोहम्मद नासिरुद्दीन हुमायूं, और कांस्टेबल विष्णु दत्त प्रजापति शामिल थे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






