जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली में ब्याज माफियाओं पर सर्जिकल स्ट्राइक: सभासद के भाई समेत 5 सूदखोरों पर FIR दर्ज

चंदौली पुलिस ने अवैध सूदखोरी के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है। मुगलसराय कोतवाली में पांच रसूखदार सूदखोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने साफ कर दिया है कि गरीबों का शोषण करने वाले ब्याज माफिया अब सलाखों के पीछे होंगे।

 
 

एसपी आकाश पटेल के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई

मुगलसराय कोतवाली में 5 सूदखोरों पर मुकदमा

चर्चित सभासद का भाई भी नामजद अभियुक्त

गुंडा टैक्स और जान से मारने की धमकी

ब्याज माफियाओं के खिलाफ पुलिस की सख्त चेतावनी

चंदौली जनपद में अवैध रूप से पैसा उधार देकर आम जनता का शोषण करने वाले सूदखोरों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने निर्णायक जंग शुरू कर दी है। एसपी ने जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए थे कि बिना लाइसेंस के ब्याज का धंधा करने वालों और गरीबों का उत्पीड़न करने वालों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। इसी क्रम में मुगलसराय पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

सभासद के भाई समेत पांच पर FIR
मुगलसराय कोतवाली में पुलिस ने दिनेश जायसवाल, राकेश, दिनेश मलिक, पवन सिंह और लालबाबू के खिलाफ शिकंजा कसा है। गौरतलब है कि आरोपी दिनेश जायसवाल क्षेत्र के एक चर्चित सभासद का भाई बताया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध सूदखोरी के धंधे में शामिल सिंडिकेट के बीच हड़कंप मच गया है। वादी मो. लक्ष्मन की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए यह कदम उठाया है।

क्या है पूरा मामला?
अलीनगर थाना क्षेत्र के सिकठिया परशुरामपुर निवासी पीड़ित मो0 लक्ष्मन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने 5 वर्ष पूर्व उक्त पांचों व्यक्तियों से ब्याज पर पैसा लिया था। पीड़ित का आरोप है कि मूलधन और ब्याज पूरी तरह वापस करने के बावजूद ये लोग उस पर 'गुंडा टैक्स' देने का दबाव बना रहे थे। जब पीड़ित ने पैसा देने से मना किया, तो आरोपियों ने उसे भद्दी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। इस मानसिक और आर्थिक उत्पीड़न से परेशान होकर पीड़ित ने पुलिस की शरण ली।

पुलिस की चेतावनी और सख्त कार्रवाई
मुगलसराय पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 164/2026 के तहत बीएनएस की धारा 308(3), 351(2) और 352 में मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक ने साफ किया है कि भविष्य में भी अवैध सूदखोरों के खिलाफ इसी तरह का अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत सूचित करें, ताकि दोषियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जा सके।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*