जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

बर्थरा खाद गोदाम पर सो रहे ट्रक चालकों से तमंचे के बल पर लूट, बुलेट से आए थे अपराधी

चन्दौली के सदर कोतवाली क्षेत्र में रविवार देर रात बुलेट सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर ट्रक चालकों से लूटपाट की। खाद गोदाम पर नंबर आने का इंतजार कर रहे चालकों को निशाना बनाकर बदमाश मौके से फरार हो गए।

 
 

असलहे के बल पर लूट

बुलेट से आए थे बदमाश

खाद गोदाम पर वारदात हुई

सीसीटीवी खंगाल रही है पुलिस

चन्दौली जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बर्थरा में रविवार देर रात कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बर्थरा स्थित खाद गोदाम के पास सड़क किनारे खड़े ट्रकों में सो रहे चालकों को बदमाशों ने अपना निशाना बनाया। बुलेट मोटरसाइकिल से पहुंचे इन शातिर अपराधियों ने असलहे (तमंचे) के बल पर चालकों से नकदी लूट ली और फरार हो गए।

लूट की इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही इलाके के ट्रक चालकों में भारी दहशत का माहौल बना हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय सदर कोतवाली पुलिस और क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर देवेंद्र कुमार आनन-फानन में भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी।

chandauli-truck-drivers-robbed-at-gunpoint-sadar-kotwali-news

सो रहे चालकों की कनपटी पर सटाया तमंचा
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बर्थरा खाद गोदाम पर रोजाना की तरह बड़ी संख्या में ट्रक चालक अपने वाहनों में खाद लोड कराने के लिए अपनी बारी (नंबर) आने का इंतजार कर रहे थे। रात अधिक होने के कारण ज्यादातर चालक अपने-अपने ट्रकों में ही सो गए थे। इसी का फायदा उठाकर देर रात बुलेट सवार बदमाश वहां पहुंचे।

बदमाशों ने ट्रकों के केबिन में घुसकर सो रहे चालकों को जगाया और सीधे उनकी कनपटी पर तमंचा सटा दिया। बदमाशों ने ट्रक चालक शिवजनम से ₹400 और दूसरे ट्रक चालक चंद्रमा से ₹3,000 नगद जबरन लूट लिए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी बुलेट पर सवार होकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकले।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
इस घटना के बाद गोदाम परिसर और आसपास खड़े अन्य ट्रक चालकों में हड़कंप मच गया। चालकों ने तुरंत इस बात की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने पीड़ित चालकों से बातचीत कर घटना के बारे में पूरी जानकारी ली। पुलिस अब गोदाम और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हुलिए के आधार पर बदमाशों को दबोचा जा सके।

वहीं, इस घटना से नाराज ट्रक चालकों का कहना है कि खाद गोदाम पर हर वक्त सैकड़ों गाड़ियां खड़ी रहती हैं, लेकिन यहां सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। पुलिस गश्त न होने से आए दिन यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। इस संबंध में सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*