विवाहिता की रहस्यमय मौत, बबुरी पुलिस ने रोका अंतिम संस्कार, मौत के कारणों की जांच शुरू
सुषमा केशरी चंदौली के बबुरी थाना क्षेत्र के बौरी गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी में थे, तभी पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत
अंतिम संस्कार से पहले पुलिस का हस्तक्षेप
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
परिजनों से पुलिस की पूछताछ जारी
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
चंदौली जिले के बबुरी थाना क्षेत्र के बौरी गांव में मंगलवार दोपहर एक विवाहिता नीलम केशरी (उम्र लगभग 30 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया। मृतका के परिजन बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इसी बीच सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिससे मामले ने नया मोड़ ले लिया।
पुलिस ने रोका अंतिम संस्कार, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
जानकारी के अनुसार, बौरी गांव निवासी अनिल केशरी अपने परिवार के साथ गांव से कुछ दूरी पर सुरौली गांव के सिवान में बने अपने मकान में रहते हैं। मंगलवार की दोपहर उनकी पत्नी नीलम की अचानक तबीयत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। परिवार के सदस्य शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी में थे, तभी बबुरी थानाध्यक्ष विनोद मिश्रा को किसी ने महिला की संदिग्ध मौत की सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विनोद मिश्रा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्राथमिक जांच पड़ताल के बाद शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को तत्काल पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके।
सीढ़ी से गिरने से चोट लगने की बात कह रहे परिजन
इस संबंध में थानाध्यक्ष विनोद मिश्रा ने बताया कि परिजनों से पूछताछ की गई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले नीलम सीढ़ी चढ़ते समय अनियंत्रित होकर गिर गई थी, जिससे उसे गंभीर चोटें आई थीं। मंगलवार को अचानक उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस इस पूरे मामले को संदिग्ध मानकर चल रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही नीलम की मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






