जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

धानापुर में पुरानी रंजिश में बीच बाजार गुंडई: कार सवार विजय को घेरकर पीटा, गोली भी चलाई..दर्ज हुयी FIR

चंदौली के धानापुर में एक कार सवार शख्स पर जानलेवा हमला हुआ है। दबंगों ने बीच रास्ते में गाड़ी अड़ाकर गालियां दीं, फायरिंग की और फिर असलहे के बट से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बाजार में दहशत का माहौल है।

 

रामरजाय ग्राम चट्टी पर हुआ जानलेवा हमला

कार के सामने बाइक अड़ाकर दी गालियां

जान से मारने की नीयत से की फायरिंग

असलहे की बट से सिर पर किया वार

दहशत में बंद हुईं बाजार की दुकानें

धानापुर इलाके में बीच बाजार गुंडई: कार सवार पर फायरिंग, असलहे की बट से सिर फोड़ा तो धानापुर थाने में दर्ज हो गया बाप-बेटे और भाई के खिलाफ मुकदमा

चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के रामरजाय ग्राम चट्टी पर दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ अपनी चार पहिया गाड़ी से जा रहे एक शख्स को रास्ते में रोककर न सिर्फ जातिसूचक और भद्दी-भद्दी गालियां दी गईं, बल्कि जान से मारने की नीयत से उन पर सीधे फायरिंग भी की गई। इस हमले में पीड़ित गंभीर रूप से घायल हुआ है।

यह पूरी घटना 5 जुलाई 2026 की शाम करीब 4:30 बजे की है। पीड़ित विजय बहादुर सिंह (पुत्र स्वर्गीय लाल बहादुर सिंह), जो धीना थाना क्षेत्र के प्रकाशपुर (महुरा) गांव के मूल निवासी हैं, अपनी चार चक्का गाड़ी से धानापुर से अपने गांव की तरफ लौट रहे थे।

 crime-news-firing-on-car-driver-in-dhanapur

बाइक सामने अड़ाकर दी मां-बहन की गालियां
पीड़ित विजय बहादुर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि जैसे ही उनकी गाड़ी रामरजाय ग्राम चट्टी के पास पहुंची, तभी सामने से मोटरसाइकिल पर सवार होकर अखिलेश सिंह उर्फ लाखन सिंह (पुत्र अक्षयवर सिंह, निवासी डबरिया, धानापुर) आया। लाखन सिंह ने उनकी कार के ठीक सामने अपनी बाइक अड़ाकर रास्ता रोक दिया और गाड़ी से उतरने को कहते हुए मां-बहन की भद्दी-भद्दी गालियां देने लगा।

जब विजय बहादुर सिंह अपनी गाड़ी से नीचे उतरे, तो लाखन सिंह ने शोर मचाते हुए अपने भाई चन्दन सिंह और अपने बेटे रतन राज सिंह को ललकारा। लाखन ने चिल्लाते हुए कहा, "मार दो जान से साले को, किस दिन के लिए असलहा रखे हो!"

जान से मारने को चलाई गोली, असलहे की बट से पीटा
लाखन सिंह के ललकारते ही चन्दन सिंह अपने हाथ में लिए हुए असलहे से विजय बहादुर को निशाना बनाते हुए सीधे फायर झोंक दिया। गनीमत रही कि विजय बहादुर तुरंत जमीन पर गिर गए, जिससे गोली उनके पास से निकल गई। इसके बाद रतन राज सिंह ने उन्हें दबोच लिया और चन्दन सिंह ने हाथ में लिए असलहे की बट से उनके सिर पर ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे वे लहूलुहान हो गए।

बाजार में फायरिंग के बाद मची थी अफरा-तफरी
रविवार की शाम रमरजाय चट्टी पर दिनदहाड़े गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। दहशत के मारे दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें बंद करके इधर-उधर भागने लगे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शोर सुनकर जब कुछ स्थानीय लोग लाठी-डंडा लेकर पीड़ित को बचाने के लिए दौड़े, तो सभी आरोपी अपनी मोटरसाइकिल से अपने गांव की तरफ भाग निकले।

इस जानलेवा हमले में विजय बहादुर सिंह को सिर और शरीर पर काफी गंभीर चोटें आई हैं। मारपीट के दौरान उनके गले की सोने की चैन भी कहीं गिर गई। पीड़ित ने परिजनों के आने के बाद धानापुर थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ नामजद लिखित शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस से मुकदमा लिखकर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*