जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

धानापुर में निठोहर चौहान पर जानलेवा हमला करने वाले 2 आरोपी चढ़े हत्थे, हमला में इस्तेमाल फावड़ा भी बरामद

चंदौली के धानापुर में निर्माणाधीन सड़क पर चलने को लेकर हुए विवाद में निठोहर चौहान के सिर पर फावड़े से हमला करने वाले दो सगे भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल फावड़ा भी बरामद कर लिया है।

 
 

धानापुर में जानलेवा हमला करने वाले गिरफ्तार

सड़क निर्माण विवाद में सिर पर मारा था फावड़ा

पुलिस ने दो सगे भाइयों को दबोचा

आरोपियों की निशानदेही पर फावड़ा बरामद

धानापुर पुलिस टीम को मिली बड़ी सफलता

 चंदौली जिले की धानापुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने कस्बा धानापुर में सड़क निर्माण के दौरान हुए विवाद में एक व्यक्ति के सिर पर फावड़े से जानलेवा हमला करने वाले दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए दोनों आरोपी आपस में सगे भाई हैं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया फावड़ा भी बरामद कर लिया है।

निर्माणाधीन सड़क पर आवागमन को लेकर हुआ था विवाद
हत्या की घटना 24 अगस्त 2026 की है। कस्बा धानापुर के मिश्रान टोला निवासी निठोहर चौहान पुत्र मिर्जा चौहान वीआरसी विद्यालय के पास बन रही आरसीसी सड़क की तरफ से गुजर रहे थे। सड़क निर्माणाधीन होने के कारण वहां आवागमन रोकने को लेकर आरोपियों से उनका विवाद हो गया। बहस इतनी बढ़ गई कि विपक्षियों ने जान से मारने की नीयत से पास में रखे फावड़े से निठोहर चौहान के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने शुरू की थी तलाश
पीड़ित निठोहर चौहान की तहरीर के आधार पर धानापुर थाने में आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 151/2026 धारा 109(1)/352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक धानापुर सूर्य प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।

 बस अड्डे से हुई गिरफ्तारी
28 अगस्त 2026 को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को घेरकर दबोच लिया। आरोपी मोती (25 वर्ष) को ग्राम गुरेहू के अमरा मोड़ स्थित यात्री प्रतीक्षालय से गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके छोटे भाई मिथिलेश (19 वर्ष) को धानापुर बस अड्डे से पकड़ा गया। दोनों आरोपी धानापुर कस्बा के पूरब बस्ती के रहने वाले हैं और स्वर्गीय राजकेशर उर्फ राजकिशोर के बेटे हैं।

आरोपियों की निशानदेही पर फावड़ा बरामद
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि सड़क पर चलने से रोकने पर हुए विवाद में उन्होंने गुस्से में आकर फावड़े से हमला कर दिया था और मौके से भाग गए थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर आलाकत्ल (फावड़ा) बरामद कर लिया है। इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्रा, उपनिरीक्षक बृजेश मिश्रा, उपनिरीक्षक चंदेश्वर सिंह, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार मौर्या, कांस्टेबल मोहम्मद शमशीद और होमगार्ड रमेश राम शामिल रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*