शहीदगांव के कॉलेज से चोरी हुई स्प्लेंडर बरामद, धानापुर पुलिस ने दो युवकों व दो किशोरों को धरा
धानापुर पुलिस ने शहीदगांव स्थित कॉलेज के गेट से चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। इस मामले में पुलिस ने चोरी करने और खरीदने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया गया है।
धानापुर पुलिस ने चोरी की बाइक की बरामद
अमर शहीद इंटर कॉलेज से हुई थी चोरी
दो अभियुक्त गिरफ्तार और दो किशोर हिरासत में
पांच हजार रुपये में तय किया था सौदा
नंबर प्लेट बदलकर घूम रहा था आरोपी
चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शहीदगांव स्थित अमर शहीद इंटर कॉलेज के गेट के पास से 29 जुलाई 2026 को दोपहर में एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। पीड़ित उमेश यादव (निवासी छोटी रमरजाय तोरवां) की तहरीर पर धानापुर पुलिस ने 30 जुलाई को अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू की थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को घेरा
प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने शहीद कैप्टन विजय प्रताप सिंह फार्मेसी कॉलेज, आवाजापुर के पास एक मोटरसाइकिल सवार को रोककर पूछताछ की। बाइक सवार युवक की पहचान टोनू पासवान (उम्र 22 वर्ष), निवासी तेनुवट टिकरवापर, सकलडीहा के रूप में हुई।
₹5,000 में तय हुआ था चोरी की बाइक का सौदा
कड़ाई से पूछताछ करने पर टोनू पासवान ने कबूला कि यह बाइक चोरी की है। उसने जानकारी होने के बावजूद इसे अपने फुफेरे भाई और उसके साथियों से ₹5,000 में खरीदा था। उसने ₹2,000 एडवांस दिए थे और पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट उखाड़कर फेंक दी थी। वह बाकी बचे ₹3,000 देने ही जा रहा था कि पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों को धर दबोचा।
रेकी कर अंजाम दी गई थी चोरी की वारदात
पूछताछ में मुख्य आरोपी अनूप राय (उम्र 19 वर्ष, निवासी मिर्जापुर, धानापुर) ने बताया कि 29 जुलाई की दोपहर उसने दो अन्य किशोरों के साथ मिलकर कॉलेज के बाहर से बाइक चुराई थी। वारदात के दौरान एक नाबालिग रेकी कर रहा था, जबकि अनूप अपने दूसरे साथी के साथ बाइक लेकर फरार हो गया था। बाद में सभी ने मिलकर सकलडीहा में टोनू पासवान को गाड़ी बेच दी थी।
दो गिरफ्तार और दो किशोर पुलिस अभिरक्षा में
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए टोनू पासवान और अनूप राय को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 16 और 17 वर्ष के दो किशोरों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) व 3(5) की बढ़ोतरी करते हुए सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








