मिशन शक्ति के तहत बड़ी कार्रवाई: अश्लील गाना गाकर छेड़खानी करने वाला युवक चढ़ा पुलिस के हत्थे, धीना पुलिस ने दबोचा
धीना पुलिस ने 'ऑपरेशन मजनू' के तहत कार्रवाई करते हुए पिपरी शिव मंदिर मेले से एक शोहदे को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त महिलाओं पर अश्लील टिप्पणी और गाना गाने का दोषी पाया गया।
मिशन शक्ति और 'ऑपरेशन मजनू' के तहत कार्रवाई
महिलाओं पर अश्लील टिप्पणी करने वाला गिरफ्तार
पिपरी शिव मंदिर मेले के पास से हुई गिरफ्तारी
अभियुक्त रोहित मौर्य (20 वर्ष) के खिलाफ FIR दर्ज
महिला सुरक्षा हेतु धीना पुलिस का सख्त अभियान
उत्तर प्रदेश शासन के 'मिशन शक्ति' अभियान के तहत चंदौली पुलिस ने मनचलों और शोहदों के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार किया है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन मजनू” के तहत शनिवार को धीना पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं पर अश्लील टिप्पणी करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है।
मेले में कस रहा था फब्तियां
थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद के नेतृत्व में पुलिस टीम पिपरी शिव मंदिर मेले में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रही थी। इसी दौरान मुखबिर और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने रोहित मौर्य (उम्र 20 वर्ष) को पकड़ा। आरोप है कि रोहित मेले में आने-जाने वाली महिलाओं और बालिकाओं को देखकर अश्लील गाना गा रहा था और उन पर अभद्र फब्तियां कस रहा था।
विधिक कार्रवाई और टीम
गिरफ्तार अभियुक्त रोहित मौर्य, सकलडीहा थाना क्षेत्र के नोनार गांव का निवासी है। पुलिस ने उसके खिलाफ मु0अ0सं0 -08/2026 के तहत धारा 296 बीएनएस (BNS) में अभियोग पंजीकृत किया है।
इस गिरफ्तारी में थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद के साथ उपनिरीक्षक वीर बहादुर, कांस्टेबल अनुराग सिंह और महिला कांस्टेबल वंदना गौतम शामिल रहीं। क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी ने बताया कि जनपद में महिलाओं की सुरक्षा सर्वोपरि है और सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने या महिलाओं का अपमान करने वालों के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







